हड़मा स्टेडियम से बस स्टैंड तक गूंजे जय श्रीराम और भारत माता के जयकारे, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लिया लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प
प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाठिया ने कांग्रेस पर साधा निशाना, जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे बोले– लोकतंत्र की रक्षा के लिए गांव-गांव में खड़ा है भाजपा का कार्यकर्ता
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार शनिवार, 14 नवंबर को भाजपा जिला सुकमा द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ महा-अभियान के तहत विशाल जनसभा एवं पदयात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। हड़मा स्टेडियम से लेकर सुकमा बस स्टैंड तक निकली पदयात्रा के दौरान जय श्रीराम, भारत माता की जय और लोकतंत्र जिंदाबाद के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ हड़मा स्टेडियम में भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात आयोजित जनसभा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों, संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर अपने विचार रखे।
सभा के उपरांत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में भाजपा के झंडे और तख्तियां लेकर हड़मा स्टेडियम से बस स्टैंड तक पदयात्रा निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘लोकतंत्र जिंदाबाद, अराजकता मुर्दाबाद’ के नारे लगाते हुए अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाठिया ने कांग्रेस पर साधा निशाना
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सतीश लाठिया ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार आने के बाद नक्सलवाद और अराजकता के खिलाफ निर्णायक लड़ाई आगे बढ़ी है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र और देश की एकता-अखंडता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए गांव-गांव में सक्रिय है भाजपा का कार्यकर्ता: धनीराम बारसे
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री धनीराम बारसे ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि यह आयोजन केवल एक रैली नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति भाजपा कार्यकर्ताओं के संकल्प और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सुकमा, जो कभी नक्सलवाद और अशांति के कारण पहचाना जाता था, आज विकास, शिक्षा और शांति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भाजपा का प्रत्येक बूथ कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचकर लोकतांत्रिक मूल्यों और जनजागरण के लिए कार्य कर रहा है।
वरिष्ठ नेताओं ने भी रखे विचार
मंच पर उपस्थित प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य अरुण सिंह भदौरिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य हूंगाराम मरकाम, विधानसभा प्रत्याशी रहे सोयम मुका तथा जगदलपुर महापौर संजय पाण्डेय ने भी सभा को संबोधित किया। वक्ताओं ने बस्तर में बदलते विकास के परिदृश्य, शांति स्थापना और क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों पर अपने विचार व्यक्त किए।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला महामंत्री विश्वराज सिंह एवं बलिराम नायक, जिला उपाध्यक्ष कोरसा सन्नू, नूपुर वैदिक, जी. साईं रेड्डी, दिलीप पेद्दी, महिला मोर्चा से पार्वती प्रधान, जनपद पंचायत अध्यक्ष कुसुमलता कवासी, उपाध्यक्ष रीना पेद्दी, नगर पालिका अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम तथा नगर पंचायत दोरनापाल अध्यक्ष राधा नायक सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला मंत्री, मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक-सहसंयोजक, जनपद सदस्य, सरपंच, पार्षद, शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
कुल मिलाकर सुकमा में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत जनसभा और पदयात्रा ने भाजपा की संगठनात्मक सक्रियता और कार्यकर्ताओं की एकजुटता को प्रदर्शित किया।








