झापरा वन नाका क्षेत्र में राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम की छापेमार कार्रवाई; बिना रॉयल्टी और वैध अभिवहन पास के हो रहा था रेत का उत्खनन व परिवहन
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देश पर राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने झापरा वन नाका क्षेत्र में औचक जांच अभियान चलाकर अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त 03 ट्रैक्टर, 01 हाईवा और 01 जेसीबी सहित कुल 05 वाहनों को जब्त किया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संयुक्त जांच दल ने 18 नवंबर को कार्रवाई करते हुए साधारण रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे तीन ट्रैक्टर जब्त किए। इनमें ट्रैक्टर क्रमांक MBNABAVBANRC03018, CG 26 J 2523 एवं CG 26 J 5080 शामिल हैं। वहीं, 23 नवंबर को दोबारा कार्रवाई करते हुए ओडिशा के मलकानगिरी से जुड़े एक हाईवा क्रमांक OD 30 H 9196 और एक जेसीबी (चेचिस क्रमांक HAR3DX5502522647) को रेत की लोडिंग एवं अनलोडिंग करते हुए मौके पर पकड़ा गया।
पांच वाहन चालकों के खिलाफ होगी दंडात्मक कार्रवाई
प्रशासन ने जब्त वाहनों के चालकों देवा कुंजाम, हड़मा, दुला पोड़ियामी, गदाधर मालकर और मनीष पटेल के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71(5), खान एवं खनिज (विकास तथा विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(5) तथा छत्तीसगढ़ खनिज नियम 2009 के तहत दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
अवैध खनिज कारोबार पर प्रशासन की पैनी नजर
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों का अवैध दोहन और बिना वैध रॉयल्टी एवं अभिवहन पास के खनिज परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खनिज विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने खनिज ठेकेदारों, कारोबारियों एवं परिवहनकर्ताओं को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है।
इस कार्रवाई में राजस्व अमले, खनि निरीक्षक, खनिज जांच दल तथा सिटी कोतवाली सुकमा के पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







