सुकमा पुलिस की पहल: लेंदा और कुंदनपाल में लगी जनचौपाल, ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

SHARE:

‘निवा दुवड़ ते’ अभियान के तहत पुलिस ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, स्थानीय समस्याएं सुनकर निराकरण का दिया भरोसा

 

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। पुलिस और आम नागरिकों के बीच आपसी विश्वास एवं बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से सुकमा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार, 14 नवंबर को ‘निवा दुवड़ ते’ अभियान के अंतर्गत ग्राम लेंदा और ग्राम कुंदनपाल में विशेष जनचौपाल का आयोजन किया गया।

पुलिस अधीक्षक सुकमा श्री मयंक गुर्जर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में थाना तोंगपाल पुलिस द्वारा ग्राम लेंदा तथा थाना कुकानार पुलिस द्वारा ग्राम कुंदनपाल में ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया गया।

जनचौपाल में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और शासकीय सुविधाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही बदलते दौर में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक और डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। विशेष रूप से किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी एवं ओटीपी (OTP) साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। पुलिस ने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता साइबर ठगी से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, निराकरण का दिया भरोसा

जनचौपाल का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करना भी रहा। इस दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने भी पुलिस की इस पहल में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस प्रकार ‘निवा दुवड़ ते’ अभियान के माध्यम से सुकमा पुलिस दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम में थाना तोंगपाल एवं थाना कुकानार का पुलिस स्टाफ तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें