SIR प्रक्रिया को लेकर बस्तरिया राज मोर्चा की पहल, दूरस्थ गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं का जुटाएगी आंकड़ा

SHARE:

मनीष कुंजाम ने सुप्रीम कोर्ट में दायर की है जनहित याचिका, दस्तावेजों के अभाव में मतदाता सूची से नाम छूटने की आशंका को लेकर उठाया मुद्दा

कोंटा विधानसभा के अंदरूनी गांवों का दौरा करेगी मोर्चा की टीम, ग्रामीणों की समस्याओं का डाटा संकलित कर जिला कमेटी को सौंपेगी

 

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। बस्तर संभाग में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर बस्तरिया राज मोर्चा ने ग्रामीणों के मताधिकार की सुरक्षा के लिए पहल शुरू की है। मोर्चा का कहना है कि नक्सल प्रभावित एवं दूरस्थ क्षेत्रों में लंबे समय तक प्रशासनिक अमले की पहुंच सीमित रहने के कारण अनेक ग्रामीणों के पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में SIR प्रक्रिया के दौरान उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

इसी मुद्दे को लेकर बस्तरिया राज मोर्चा के संयोजक मनीष कुंजाम द्वारा सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर की गई है। मोर्चा के अनुसार, इस मामले का शीर्षक मनीष कुंजाम बनाम भारत निर्वाचन आयोग है और प्रकरण वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।

दस्तावेजों के अभाव में ग्रामीणों को हो रही परेशानी

बस्तरिया राज मोर्चा के अनुसार, बस्तर संभाग का बड़ा हिस्सा लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहा है। इसके चलते कई अंदरूनी एवं दूरस्थ गांवों तक प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित पहुंच नहीं हो सकी। ऐसी परिस्थितियों में अनेक ग्रामीण भूमि सर्वेक्षण और उससे संबंधित जरूरी दस्तावेजों से वंचित रह गए।

मोर्चा का कहना है कि SIR प्रक्रिया के दौरान मांगे जा रहे दस्तावेज कई ग्रामीणों के पास उपलब्ध नहीं हैं। वहीं, कुछ क्षेत्रों में प्रशासनिक पहुंच और आवश्यक अभिलेखों के अभाव के कारण मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने तथा उनका सत्यापन कराने में कठिनाइयां सामने आ सकती हैं।

गांव-गांव पहुंचेगी बस्तरिया राज मोर्चा की टीम

इस समस्या की वास्तविक स्थिति जानने के लिए बस्तरिया राज मोर्चा ने कोंटा विधानसभा क्षेत्र के चिन्हित अंदरूनी एवं दूरस्थ गांवों का दौरा करने का निर्णय लिया है। मोर्चा की टीम गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करेगी और SIR प्रक्रिया से जुड़ी उनकी समस्याओं, उपलब्ध दस्तावेजों तथा आवश्यक जानकारियों का संकलन करेगी।

इसके बाद एकत्रित जानकारी जिला कमेटी को सौंपी जाएगी, ताकि संबंधित समस्याओं को उचित स्तर पर उठाया जा सके और पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक पहल की जा सके।

इन सदस्यों के नेतृत्व में होगा ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा

इस अभियान के तहत रामा सोड़ी, पी. भीमा, हांदा कवासी, महेश कुंजाम, मांडवी हिड़मा, संतोष ईडो, हड़मा मरकाम, राजेश नाग, इरफान खान, कोसा सोड़ी सहित अन्य सदस्य गांवों तक पहुंचकर SIR प्रक्रिया की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे।

कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे

बस्तरिया राज मोर्चा के सचिव रामा सोड़ी ने कहा कि हमारा उद्देश्य बस्तर के दूरस्थ अंचलों में रहने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक को उसका मताधिकार दिलाने के लिए प्रयास करना है। केवल आवश्यक दस्तावेजों की अनुपलब्धता या भौगोलिक परिस्थितियों के कारण किसी भी पात्र व्यक्ति को SIR प्रक्रिया में परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए मोर्चा ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझेगा और संबंधित स्तर पर आवाज उठाएगा।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार महत्वपूर्ण है। इसलिए यह जरूरी है कि SIR प्रक्रिया में दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों के लोगों की वास्तविक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें