बाल अधिकार, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के प्रति किया जागरूक, बाल विवाह एवं बाल श्रम के दुष्परिणामों पर दिया संदेश
चित्रकला, फैंसी ड्रेस, भाषण और खेलकूद प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया हुनर, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर 14 नवंबर को देशभर में बाल दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में समर्पित संस्था ‘जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन’, जिला सुकमा द्वारा आवासीय पीएम श्री पोटा केबिन, मुरतोंडा में बाल दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बाल संरक्षण और उनके सर्वांगीण विकास को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।
बाल अधिकारों और शिक्षा पर रहा विशेष जोर
समारोह का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति सचेत करना था। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व, सुरक्षित बचपन और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी के बारे में जानकारी दी गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा
बाल दिवस समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के नृत्य, गीत और नाट्य मंचन ने उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणजनों का मन मोह लिया।
इसके साथ ही बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से चित्रकला, फैंसी ड्रेस, भाषण एवं विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी कला, आत्मविश्वास एवं खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
बच्चे देश का भविष्य, उन्हें मिले बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। उनके बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए सही मार्गदर्शन, स्नेह, सुरक्षित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बेहद आवश्यक है। प्रत्येक बच्चे को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलना चाहिए, ताकि वे आगे चलकर अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।
समारोह के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
समर्पित संस्था की टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
समर्पित संस्था ‘जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन’, जिला सुकमा की जिला समन्वयक श्रीमती सुनीता सोनी, ओ.आर.डब्ल्यू. भारती सोढ़ी, देवचंद यादव एवं संतोष कुमार के मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। बाल दिवस समारोह ने बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही शिक्षा, बाल अधिकारों और बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता का महत्वपूर्ण संदेश दिया।








