सुकमा के सीमावर्ती गांवों में विकास की नई पहल: कलेक्टर अमित कुमार ने मौके पर ही दी कई विकास कार्यों की स्वीकृति

SHARE:

किंदरेलपाड़ स्कूल तक बनेगी सड़क, कन्हईपाड़ और नूलकातोंग में बोरवेल व फेंसिंग को मंजूरी; अब बंडा में ही मिलेगा राशन, ग्रामीणों को कोंटा आने से मिलेगी राहत

कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने सुदूर गांवों का किया दौरा, स्कूलों में बच्चों से संवाद कर परखी शिक्षा की गुणवत्ता

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। जिले के दूरस्थ, सीमावर्ती और अंदरूनी अंचलों में विकास कार्यों को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने मैदानी स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने कोंटा विकासखंड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों का सघन दौरा कर शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान अधिकारियों ने एर्राबोर, बंडा, किंदरेलपाड़, कन्हईपाड़, नूलकातोंग और मेहता पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

दौरे के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन पंचायत भवनों, आश्रम, स्कूलों एवं सड़कों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्कूल पहुंच मार्ग, बोरवेल और फेंसिंग के कार्यों को तत्काल मंजूरी

ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों की समस्याओं को देखते हुए कलेक्टर श्री अमित कुमार ने मौके पर ही कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की। किंदरेलपाड़ स्कूल में बच्चों को आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए सीसी एवं पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण की मंजूरी दी गई।

 

वहीं कन्हईपाड़ और नूलकातोंग के स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए फेंसिंग, किचन शेड, बिजली वायरिंग और बोरवेल निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। इन कार्यों के पूरा होने से स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

बच्चों के बीच पहुंचे कलेक्टर, गिनती और वर्णमाला पूछकर परखी पढ़ाई

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न शासकीय स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से 1 से 100 तक गिनती, हिंदी एवं अंग्रेजी वर्णमाला पूछकर उनकी शैक्षणिक दक्षता का जायजा लिया। बच्चों का उत्साह बढ़ाने और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें क्रिकेट किट भी भेंट की।

कलेक्टर ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और खेलकूद सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अब बंडा में ही मिलेगा राशन, कोंटा तक नहीं लगानी पड़ेगी दौड़

दौरे के दौरान ग्रामीणों को बड़ी राहत देते हुए कलेक्टर ने बंडा पंचायत भवन में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की दुकान एवं कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) शुरू करने के निर्देश दिए। इसके शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को राशन और विभिन्न ऑनलाइन शासकीय सेवाओं के लिए कोंटा तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

अब स्थानीय स्तर पर ही खाद्यान्न उपलब्ध होने से ग्रामीणों का समय और आवागमन का खर्च बचेगा। सीमावर्ती गांवों में सरकारी सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

पंचायत कैफे से महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का अवसर

एर्राबोर में निर्माणाधीन पंचायत कैफे का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात की और उनसे बातचीत कर आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को पंचायत कैफे जैसे नवाचारों के माध्यम से स्वरोजगार अपनाने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

विस्थापित परिवारों की घर वापसी की मांग पर दिया भरोसा

दौरे के दौरान कलेक्टर ने एसडीएम कार्यालय कोंटा में सलवा जुडूम के दौरान आंध्रप्रदेश एवं तेलंगाना में विस्थापित हुए परिवारों से भी मुलाकात की। उन्होंने परिवारों की घर वापसी से जुड़ी मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना और नियमानुसार उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।

वहीं नूलकातोंग में ग्रामीणों और किसानों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने शासन की कृषक उन्नति योजना की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को बिचौलियों से बचने और अपना धान सीधे उपार्जन केंद्रों में बेचने के लिए प्रेरित किया, ताकि उन्हें शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

सड़क और आश्रम भवन निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत किंदरेलपाड़-कन्हईपाड़ मार्ग, मेहता में निर्माणाधीन आश्रम भवन तथा कोंटा-गोल्लापल्ली पीडब्ल्यूडी सड़क के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता: कलेक्टर

कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि जिले के अंतिम छोर पर बसे ग्रामीणों को शिक्षा, सड़क, पेयजल, राशन और अन्य मूलभूत सुविधाएं उनके गांव में ही उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन की इस मैदानी पहल से स्पष्ट है कि सुकमा के दूरस्थ अंचलों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयासों को प्राथमिकता दी जा रही है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें