स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के सानिध्य में आयोजित भव्य समारोह में शामिल होकर नागरिकों ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों का हौसला, साझा किए यादगार अनुभव
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव के प्रतीक राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित भव्य राष्ट्रीय एकता परेड में सुकमा जिले के 50 नागरिकों को ऐतिहासिक आयोजन का प्रत्यक्ष साक्षी बनने का गौरव प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में शामिल होकर लौटे नागरिकों का बुधवार को पुलिस अधीक्षक सुकमा श्री मयंक गुर्जर (भापुसे) ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस विशेष यात्रा का आयोजन पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में किया गया था। उप पुलिस अधीक्षक श्री सपन चौधरी के कुशल नेतृत्व एवं समन्वय में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 50 नागरिकों का दल गुजरात के एकता नगर के लिए रवाना हुआ था। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ अंचलों के नागरिकों को राष्ट्रीय स्तर के गौरवशाली आयोजन से जोड़ना और उनमें राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना था।
राष्ट्रीय एकता परेड ने बढ़ाया गौरव और उत्साह
एकता नगर स्थित विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के सानिध्य में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड में सुकमा के नागरिकों ने अनुशासन, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का अद्भुत नजारा देखा। इस दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से परेड में शामिल डीआरजी एवं एसटीएफ के जवानों ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। सुकमा से पहुंचे नागरिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह के साथ जवानों का हौसला बढ़ाया। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पहुंचे लगभग 800 नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन में विशेष उत्साह का संचार किया।
वापसी पर एसपी ने सुने नागरिकों के अनुभव
गुजरात प्रवास एवं राष्ट्रीय समारोह में सहभागिता के बाद सुकमा लौटे सभी 50 नागरिकों का पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आत्मीय स्वागत किया गया। एसपी श्री मयंक गुर्जर ने प्रत्येक सदस्य को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनसे गुजरात प्रवास, राष्ट्रीय एकता परेड और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के भ्रमण से जुड़े अनुभवों की जानकारी ली। इस दौरान नागरिकों ने अपने यादगार पलों को साझा करते हुए बताया कि इतने भव्य राष्ट्रीय आयोजन को प्रत्यक्ष रूप से देखना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का अविस्मरणीय अवसर रहा।
नागरिकों ने सुकमा पुलिस और शासन का जताया आभार
यात्रा में शामिल नागरिकों ने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों को पूरे अनुशासन और गौरव के साथ कदमताल करते देखना उनके लिए बेहद गर्व का क्षण था। उन्होंने इस यात्रा को अपने जीवन का यादगार अनुभव बताते हुए इसके सफल आयोजन और बेहतर समन्वय के लिए उप पुलिस अधीक्षक श्री सपन चौधरी की सराहना की। साथ ही सुकमा पुलिस प्रशासन एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह पहल न केवल सुदूर अंचल के नागरिकों को राष्ट्रीय महत्व के आयोजन से जोड़ने का माध्यम बनी, बल्कि उनमें देश की एकता, अखंडता, सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय गौरव की भावना को भी नई मजबूती प्रदान करने वाली साबित हुई।








