नक्सलवाद के साये से निकलकर विकास और विश्वास के नए दौर में पहुंचा सुकमा : विधायक नीलकंठ टेकाम

SHARE:

राज्योत्सव-2026 में ‘युवा उड़ान’ और ‘सशक्त नारी’ की दिखी झलक, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का हुआ प्रदर्शन

लोकनृत्य, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ‘रोड रोलर’ बैंड ने बांधा समां, बड़ी संख्या में उमड़े जिलेवासी

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सुकमा के मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। केशकाल विधायक एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री नीलकंठ टेकाम ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। राज्यगीत, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। उत्सव में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में जिलेवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। पूरे आयोजन में विकास, विश्वास, महिला सशक्तीकरण और युवा प्रतिभाओं की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री हूंगाराम मरकाम, जिला पंचायत सदस्य श्री कोरसा सन्नू, जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे, श्री अरुण सिंह भदौरिया, कलेक्टर श्री अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर, डीएफओ श्री अक्षय भोंसले सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नक्सलवाद के दौर से निकलकर शांति और विकास की ओर बढ़ रहा सुकमा : विधायक टेकाम

मुख्य अतिथि विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सुकमा आज नक्सलवाद के लंबे साये से निकलकर शांति, सुरक्षा और विकास के नए वातावरण की ओर तेजी से अग्रसर हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में कभी नक्सलवाद की चुनौतियों के कारण विकास की राह कठिन थी, आज उसी क्षेत्र के लोग खुले और निर्भय वातावरण में उत्साह के साथ राज्योत्सव मना रहे हैं। यह बदलाव सुकमा के लिए गौरव और नई उम्मीद का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि सुकमा तीन राज्यों की सांस्कृतिक विरासत और छत्तीसगढ़ के दूरस्थ अंचलों की चुनौतियों के बीच अपनी अलग पहचान बनाते हुए विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। राज्योत्सव की इस वर्ष की थीम ‘युवा उड़ान’ और ‘सशक्त नारी’ जिले में बदलते सामाजिक परिवेश, युवाओं की बढ़ती भागीदारी और महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने के संकल्प को दर्शाती है।

किसानों, महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए योजनाओं से बदल रही तस्वीर

विधायक श्री टेकाम ने जिले में कृषि, आवास और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि किसानों का पंजीयन लगभग 14 हजार से बढ़कर 24 हजार तक पहुंच गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में 22 हजार से अधिक पक्के मकानों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने धान खरीदी व्यवस्था, प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर का उल्लेख करते हुए किसानों को दलहन, तिलहन एवं उद्यानिकी फसलों की खेती के लिए भी प्रोत्साहित किया।

उन्होंने भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए आर्थिक सहायता, महतारी वंदन योजना, आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क उपचार तथा स्वरोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण जैसी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले के अधिकारी-कर्मचारियों के सतत प्रयासों से शासन की योजनाएं अब अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और इसका सकारात्मक प्रभाव धरातल पर दिखाई देने लगा है।

अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क, संचार और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

विधायक ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अंदरूनी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, संचार कनेक्टिविटी, ग्रामीण बस सेवा, सिंचाई और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने टीबी एवं मोतियाबिंद के मरीजों को उपचार के साथ अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराने तथा सशक्त आंगनबाड़ी अभियान के तहत गोंडी, हल्बी और हिंदी भाषाओं में शैक्षणिक सामग्री तैयार करने जैसी स्थानीय पहलों की सराहना की।

युवाओं की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक में जिले का पंजीयन लगभग 40 हजार से बढ़कर 81 हजार तक पहुंच गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा शक्ति, महिला सशक्तीकरण और शासन की विकासोन्मुखी योजनाओं के संयुक्त प्रयासों से सुकमा आने वाले समय में शिक्षा, रोजगार, खेल, कृषि और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।

इस अवसर पर महिला आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी एवं जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे ने भी संबोधित कर जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

विभागीय प्रदर्शनी में दिखी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की तस्वीर

राज्योत्सव समारोह में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाए गए। मुख्य अतिथि विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, कलेक्टर श्री अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी ली।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, बिहान, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रेशम, पशुधन विकास, श्रम, वन, आयुष, विद्युत, जल संसाधन, क्रेडा, राजस्व, पंचायत, पुलिस एवं यातायात सहित विभिन्न विभागों ने अपनी उपलब्धियों और गतिविधियों को प्रदर्शित किया।

स्टॉलों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड, विकसित भारत जी राम जी योजना, सशक्त आंगनबाड़ी अभियान, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना, डिजिटल फसल सर्वेक्षण, किसान रजिस्ट्री, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अनेक योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। वहीं पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। जनसंपर्क विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ शासन की जनमन पुस्तिका का निःशुल्क वितरण भी किया गया।

लोकनृत्य और ‘रोड रोलर’ बैंड की प्रस्तुति ने बांधा समां

राज्योत्सव का सांस्कृतिक आयोजन समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में क्षेत्रीय लोकनृत्यों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बस्तर की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत कर दिया। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर उत्साहवर्धन किया।

वहीं मशहूर ‘रोड रोलर’ बैंड की शानदार संगीतमय प्रस्तुति ने समारोह में चार चांद लगा दिए। संगीत की मधुर धुनों, लोकसंस्कृति के रंगों और कलाकारों की प्रतिभा ने पूरे मिनी स्टेडियम को उत्साह और उमंग से भर दिया।

विकास, संस्कृति और जनभागीदारी का उत्सव बना राज्योत्सव

जिले के 26वें राज्य स्थापना दिवस का यह आयोजन केवल सांस्कृतिक उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सुकमा में बदलते विकास के स्वरूप, शासन की योजनाओं, महिला सशक्तीकरण, युवा प्रतिभाओं और जनभागीदारी का सशक्त मंच भी बना। बड़ी संख्या में पहुंचे जिलेवासियों की सहभागिता ने समारोह को यादगार बना दिया। शांति, विश्वास और विकास के संकल्प के साथ सुकमा ने राज्योत्सव के माध्यम से एक नई उम्मीद और उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें