NH-30 पर सुकमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 48.740 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

आंध्र प्रदेश के नंबर की मारुति ईको वाहन में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब, पुलिस ने वाहन सहित ₹23,680 की शराब की जब्त

मुखबिर की सूचना पर छिंदगढ़ पुलिस ने की घेराबंदी, विशेष अभियान ‘आगाज’ के तहत तस्करी के नेटवर्क पर प्रहार

 

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

 

सुकमा। जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सुकमा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘आगाज’ के तहत थाना छिंदगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त मारुति ईको वाहन सहित एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 23 हजार 680 रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को थाना छिंदगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुकमा की ओर से आ रहे मारुति ईको वाहन क्रमांक AP-39-WP-5611 में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब भरकर बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना छिंदगढ़ पुलिस ने सउनि अनंतज्ञानी मेश्राम के नेतृत्व में टीम गठित कर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में थाने के सामने नेशनल हाईवे-30 पर नाकाबंदी की और वाहनों की सघन जांच शुरू की।

इसी दौरान सुकमा की ओर से आ रहे संदिग्ध ईको वाहन को रोककर पुलिस ने घेराबंदी की। वाहन चालक को हिरासत में लेकर तलाशी लेने पर बोरियों और झोलों में छिपाकर रखी गई 48.740 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब एवं बीयर बरामद हुई। इसमें रॉयल चैलेंज व्हिस्की के 35 पौवा, जम्मू व्हिस्की के 48 पौवा और सींबा प्रीमियम बीयर की 52 बोतलें शामिल हैं।

मौके पर पुलिस ने शराब के परिवहन एवं बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक कोई भी वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त मारुति ईको वाहन को विधिवत जब्त कर लिया।

आंध्र प्रदेश का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख चिन्ना (26 वर्ष), पिता स्व. बादशाह, निवासी ग्राम जग्गम पालेम, थाना रम्पाचौड़ावरम, जिला ईस्ट गोदावरी (आंध्र प्रदेश), हाल मुकाम ग्राम रोकेल, थाना छिंदगढ़, जिला सुकमा के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना छिंदगढ़ में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

सुकमा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

अवैध शराब के परिवहन पर छिंदगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें