भैंसा मंडल अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं कृषि मंत्री से की मुआवजे की मांग, धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू करने की भी उठाई मांग।
हाल ही में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में कटाई के लिए तैयार धान की फसल बारिश के कारण जमीन पर बिछ गई है। इससे किसानों को फसल काटने में काफी परेशानी होगी और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इस गंभीर समस्या को लेकर भैंसा मंडल अध्यक्ष प्रकाश मारकंडे ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं कृषि मंत्री से प्रभावित किसानों को तत्काल उचित मुआवजा देने की मांग की है।

उन्होंने सरकार से मांग की है कि पटवारी एवं ग्राम सेवकों को तत्काल गांव-गांव और खेतों में भेजकर फसल नुकसान का सर्वे कराया जाए। जिन किसानों की धान की फसल बर्बाद हुई है, उन्हें चिन्हांकित कर शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों को राहत मिल सके।
मंडल अध्यक्ष ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। इसके बावजूद किसानों को प्राकृतिक आपदा के समय आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। बड़े कॉर्पोरेट घरानों और व्यापारियों के करोड़ों रुपये के कर्ज सेटलमेंट हो जाते हैं, लेकिन अन्नदाता किसान को अपनी मेहनत की फसल बर्बाद होने पर राहत के लिए इंतजार करना पड़ता है।
धान खरीदी की तारीख पर भी उठाए सवाल
प्रकाश मारकंडे ने छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से प्रस्तावित धान खरीदी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू होनी चाहिए थी। यदि खरीदी पहले शुरू होती तो किसान दीपावली का त्योहार भी अच्छे से मना पाते। उन्होंने सरकार से मांग की कि यदि धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू करना संभव नहीं है, तो दीपावली के अवसर पर किसानों को एडवांस राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसान अपने परिवार के साथ त्योहार खुशियों से मना सकें।
मंडल अध्यक्ष प्रकाश मारकंडे ने सरकार से अपील की है कि किसानों की पीड़ा को गंभीरता से समझते हुए तत्काल फसल नुकसान का सर्वे कराया जाए, उचित मुआवजा दिया जाए और धान खरीदी की व्यवस्था में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।








