कस्तूरबा बालिका छात्रावास में सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक हुईं छात्राएं, महिला आयोग सदस्य दीपिका शोरी ने दिया मार्गदर्शन

SHARE:

गुड टच-बैड टच, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और आत्मसुरक्षा पर दी महत्वपूर्ण जानकारी, छात्रा लीलावती का जन्मदिन मनाकर पौधरोपण का दिया प्रेरणादायी संदेश

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कस्तूरबा आवासीय बालिका छात्रावास सुकमा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य एवं अधिवक्ता दीपिका शोरी शामिल हुईं। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, गुड टच-बैड टच, बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और आत्मसुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता दीपिका शोरी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बालिकाएं समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए वे अपने सपनों को साकार कर सकती हैं और समाज में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उन्होंने बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में बिना झिझक अपने अभिभावकों, शिक्षिकाओं अथवा संबंधित अधिकारियों से सहायता लेने की अपील की।

गुड टच-बैड टच की जानकारी देकर किया जागरूक

कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के बीच अंतर समझाते हुए बताया गया कि किसी भी अनुचित व्यवहार या असहज परिस्थिति को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहना, गलत व्यवहार का विरोध करना और जरूरत पड़ने पर भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी देना बेहद जरूरी है। इस दौरान छात्राओं को निडर होकर अपनी बात रखने और स्वयं की सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के माध्यम से बालिका शिक्षा, समान अवसर और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि बेटियों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

छात्रा लीलावती का जन्मदिन बनाकर किया खास, दिया पौधरोपण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान एक विशेष और भावुक पल तब देखने को मिला, जब छात्राओं से जानकारी मिली कि छात्रावास में अध्ययनरत छात्रा लीलावती का जन्मदिन है। यह जानकारी मिलते ही महिला आयोग सदस्य दीपिका शोरी ने तत्काल लीलावती को मंच पर आमंत्रित किया और उसे जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उपहार भेंट किया। इस आत्मीय पहल से छात्रा के चेहरे पर खुशी झलक उठी और उसका जन्मदिन यादगार बन गया।

इसके पश्चात अतिथियों एवं छात्रा लीलावती ने छात्रावास परिसर में पौधरोपण किया। इस अवसर पर दीपिका शोरी ने सभी बच्चों एवं अधिकारी-कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए अपने माता-पिता के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। साथ ही केवल पौधा लगाना ही नहीं, बल्कि उसे एक विशाल वृक्ष बनने तक उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और छोटे-छोटे प्रयास भविष्य में बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं।

अधिकारियों एवं शिक्षिकाओं की रही उपस्थिति

इस अवसर पर शांति सेठिया, जिला मिशन समन्वयक (मिशन शक्ति), डालिमा गौर, केंद्र प्रशासक सखी वन स्टॉप सेंटर, पदमा नेताम, विधिक सलाहकार, करतम संगीता, केस वर्कर, पूर्वा खापर्डे, परामर्शदाता, दीपिका सिंह, जेंडर विशेषज्ञ, सरस्वती कश्यप, अधीक्षिका कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास सहित सखी वन स्टॉप सेंटर के अधिकारी-कर्मचारी एवं छात्रावास की सभी शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को न केवल अपनी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की सीख मिली, बल्कि शिक्षा, आत्मविश्वास, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी सकारात्मक संदेश दिया गया।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें