सिस्टम की संवेदनहीनता पर तमाचा: मैनपुर में योजनाओं के दावों को बल्ली पर टांगकर ले गए बेबस आदिवासी

SHARE:

सिस्टम की संवेदनहीनता पर तमाचा: मैनपुर में योजनाओं के दावों को बल्ली पर टांगकर ले गए बेबस आदिवासी

​गरियाबंद / मैनपुर अंचल
​आजादी के अमृत काल में जब सरकारें विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान और विकास के नाम पर करोड़ों के बजट का ढोल पीटती हैं, तब जमीनी हकीकत का एक ऐसा खौफनाक मंजर सामने आता है जो पूरे प्रशासनिक तंत्र के मुंह पर जोरदार तमाचा जड़ देता है। गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक मुख्यालय से आई तस्वीर केवल एक शव की नहीं, बल्कि मर चुकी प्रशासनिक संवेदनाओं की जीती-जागती अर्थी है। यहां पांच दिन से लापता एक कमार बुजुर्ग का शव जब जंगल में फंदे से झूलता मिला, तो अस्पताल की चौखट पर परिजनों को सम्मानजनक विदाई तक नसीब नहीं हुई। सिस्टम की बेरुखी से लाचार परिजन अपने बुजुर्ग के शव को एक बल्ली (बांस-लकड़ी) से बांधकर कांधों पर लादकर पैदल ही गांव ले जाने को मजबूर हो गए।

​5 दिन की तलाश का दर्दनाक अंत, फिर शुरू हुई अस्पताल में जलालत

​ग्राम पंचायत बोइरगांव के आश्रित गांव बहेराडीह निवासी सुमेर सिंह कमार 28 सितंबर से घर से लापता थे। अपने स्तर पर बदहवास परिजन जंगलों और रिश्तेदारों के यहां उनकी सुध ले रहे थे। पांच दिन बाद बरदूला के घने जंगलों में एक पेड़ से शव लटके होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने शिनाख्त की—यह वही सुमेर सिंह थे।​पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताते हुए पंचनामा तैयार किया और शव को मैनपुर अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम की कानूनी औपचारिकताएं तो कागजों पर पूरी हो गईं, लेकिन असल अमानवीयता पोस्टमार्टम हाउस के बाहर शुरू हुई।.

​3 घंटे तक गिड़गिड़ाते रहे परिजन, ‘मुक्तांजलि’ का पहिया फाइलों में ही घूमता रहा

​पोस्टमार्टम के बाद जब परिजनों ने शव को गांव बहेराडीह ले जाने के लिए सरकारी शव वाहन ‘मुक्तांजलि’ की गुहार लगाई, तो जवाब मिला—”इंतजार कीजिए।”

​अपनों को खोने के गम में डूबे आदिवासी परिजन चिलचिलाती धूप में दो से तीन घंटे तक अस्पताल परिसर में दर-दर भटकते रहे। कभी कर्मचारियों के आगे हाथ जोड़े, कभी अस्पताल प्रबंधन से मिन्नतें कीं। मुक्तांजलि तो दूर, किसी निजी वाहन चालक ने भी इन गरीब आदिवासियों की सुध नहीं ली। आखिरकार जब उम्मीद का हर दरवाजा बंद हो गया, तो परिजनों का सब्र और मजबूरी आंसुओं के साथ फूटी। उन्होंने एक बल्ली का सहारा लिया, बुजुर्ग के निर्जीव शरीर को चादर और रस्सियों से बल्ली पर बांधा, कांधे पर लटकाया और भरी दोपहरी में पैदल ही पथरीली राहों पर गांव की ओर निकल पड़े. यह दृश्य जिसने भी देखा, उसका खून खौल उठा। सवाल यह उठता है कि क्या आदिवासी समाज के बुजुर्गों को मरने के बाद भी दो गज जमीन तक पहुंचने के लिए बुनियादी मानवीय गरिमा का हक नहीं है?

​बीएमओ की घिसी-पिटी दलील: ‘वाहन दूसरे गांव गया था’

​जब इस अमानवीय लापरवाही पर मैनपुर के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. गजेंद्र ध्रुव से जवाब मांगा गया, तो वही रटा-रटाया प्रशासनिक बहाना सामने आया कि “मुक्तांजलि वाहन ग्राम कुड़ेदादर गया हुआ था, इसलिए समय पर उपलब्ध नहीं हो सका।”

​प्रशासन से सीधा सवाल है:
​क्या एक पूरे ब्लॉक मुख्यालय में आपातकालीन स्थिति के लिए कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं होना चाहिए?

​क्या विशेष संरक्षित कमार जनजाति के नाम पर बड़े-बड़े सेमिनार करने वाले अफसरों को यह नजर नहीं आता कि अंतिम सफर के लिए भी उनके पास एक अदद गाड़ी तक नहीं है?

​कुड़ेदादर अगर वाहन गया था, तो क्या तीन घंटे तक जिला मुख्यालय या स्थानीय प्रशासन किसी वैकल्पिक व्यवस्था के लिए हाथ पर हाथ धरे बैठा रहा?

​’सेवा संकल्प’ के नारों की निकली हवा

​छत्तीसगढ़ में विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTG) के लिए ‘पीएम जनमन’ और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चौपालें लगाई जाती हैं, शिविर सजते हैं और मंचों से आदिवासियों के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने की कसमें खाई जाती हैं। लेकिन मैनपुर की इस तस्वीर ने तमाम सरकारी अभियानों की कलई खोलकर रख दी है।
​जीवित रहते जिस आदिवासी को बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मीलों पैदल चलना पड़ता है, मरने के बाद भी उसकी रूह को सिस्टम की नाकामी बल्ली पर लटकाकर घसीटती है। यह सिर्फ एक परिवार की लाचारी नहीं, बल्कि गरियाबंद के पूरे स्वास्थ्य और प्रशासनिक महकमे की संवेदनहीनता का ऐसा काला पन्ना है, जिसकी जवाबदेही तय होनी ही चाहिए।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें