मीडिया आयोग से लेकर स्वास्थ्य बीमा तक, पत्रकारों ने उठाईं छह प्रमुख मांगें

SHARE:

रायपुर। गांधी जयंती के अवसर पर स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन छत्तीसगढ़ ने पत्रकारों की लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को ‘डिमांड डे’ मनाया। इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन (आईजेयू) से संबद्ध यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम राज्यपाल रमेन डेका को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों के हित में छह प्रमुख मांगों पर तत्काल पहल की मांग की।

कार्यक्रम की शुरुआत लाल बहादुर शास्त्री और महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष राष्ट्रपति के नाम सौंपे जाने वाले ज्ञापन का पाठ किया गया। इसके बाद पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल लोक भवन पहुंचा और राज्यपाल रमेन डेका को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बदलते मीडिया परिदृश्य को देखते हुए नए मीडिया आयोग के गठन की मांग की गई। यूनियन ने पत्रकारों और मीडिया कर्मियों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने तथा छत्तीसगढ़ के पत्रकार सुरक्षा कानून में आवश्यक संशोधन के लिए पत्रकारों की समिति गठित करने की मांग भी रखी।

इसके अलावा कार्यरत पत्रकारों के लिए नौकरी की सुरक्षा, निर्धारित कार्य घंटे, सेवा शर्तों और प्रभावी विवाद समाधान व्यवस्था के लिए वैधानिक संरक्षण देने की मांग की गई। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों एवं गैर-पत्रकार कर्मचारियों के लिए नए वेतन बोर्ड के गठन की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

पत्रकारों ने वर्ष 2020 से बंद रेल किराए और आरक्षण में मिलने वाली पत्रकार रियायत को बहाल करने तथा केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर पत्रकारों और मीडिया कर्मियों के लिए व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की मांग भी उठाई।

प्रदेश अध्यक्ष पीसी रथ ने कहा कि स्वतंत्र, सुरक्षित और आर्थिक रूप से सशक्त प्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की लंबे समय से लंबित मांगों पर केंद्र सरकार को सकारात्मक पहल करनी चाहिए।

कार्यक्रम में IJU राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिलीप साहू, प्रदेश महासचिव सुधीर आजाद तम्बोली, जिलाध्यक्ष राहुल सिन्हा सहित लविंदर पाल, सैय्यद सलमा, अमित बाघ, जितेंद्र साहू, जयदास मानिकपुरी, दीपेश सोनकर, सीएस नाग, शमीम, अरुण जंघेल, नीलचरण पटेल, मिथलेश कुमार, मौसम साहू, संस्कार तंबोली, थारून निषाद, नंदकुमार मूलचंदानी, जी. नरेश राव समेत अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें