‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ विषय पर छात्र-छात्राओं से किया संवाद,
लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का दिया संदेश
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। कोंटा /प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के तहत आज शासकीय नवीन महाविद्यालय कोंटा में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचकर युवाओं से संवाद किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ रहा। इस दौरान युवाओं को लोकतंत्र के महत्व, संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और जागरूक नागरिक की भूमिका को लेकर मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा समाज में सकारात्मक सोच और जिम्मेदार व्यवहार को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं को देश और समाज के भविष्य का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य हूंगाराम मरकाम, जनपद पंचायत कोंटा की अध्यक्ष कुशुमलता कवासी, जिला महामंत्री विश्वराज सिंह चौहान, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष शोभन गांधमी सहित महाविद्यालय के प्राचार्य, प्रोफेसरगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं के साथ विचारों का आदान-प्रदान किया गया तथा लोकतंत्र की मजबूती में युवा शक्ति की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। युवा संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना विकसित करना और उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।








