‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर सजेगा राज्योत्सव, 18 विभागों के स्टॉलों में दिखेगी सुकमा के विकास और उपलब्धियों की झलक
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 को लेकर सुकमा जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 02 नवंबर को मिनी स्टेडियम सुकमा में आयोजित होने वाले जिलास्तरीय राज्योत्सव को भव्य, आकर्षक और गरिमामय स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कलेक्टर श्री अमित कुमार ने मिनी स्टेडियम पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया तथा तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में बेहतर ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

18 विभागों की प्रदर्शनी में दिखेगी विकास की तस्वीर
राज्योत्सव के दौरान जिले के 18 विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, जिले में हुए विकास कार्यों, नवाचारों और सफल परियोजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने स्टॉल को रचनात्मक, आकर्षक और जनोपयोगी बनाए, ताकि आमजन योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ पात्रतानुसार उनका लाभ भी उठा सकें।

‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी इस वर्ष की मुख्य थीम
इस वर्ष राज्योत्सव-2026 की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। इसके तहत महिला सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं और उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही महिला एवं युवा हितग्राहियों की प्रेरणादायक सफलता की कहानियों को भी प्रमुखता दी जाएगी, ताकि उनकी उपलब्धियां दूसरे लोगों के लिए प्रेरणा का माध्यम बन सकें।
प्रदर्शनी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन, आदिवासी विकास, श्रम, खेल एवं युवा कल्याण सहित कुल 18 विभागों की सहभागिता रहेगी।
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह होंगे मुख्य अतिथि
जिलास्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कलेक्टर अमित कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से जिले की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी कार्यों और जनजातीय अंचल में आ रहे सकारात्मक बदलावों को प्रभावी एवं आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा राज्योत्सव को यादगार और सफल बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।








