शहीद आकाश राव गिरेपुंजे की स्मृति में जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन, युवाओं ने रखे राष्ट्र और लोकतंत्र से जुड़े विचार

SHARE:

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर जिला पुलिस सुकमा की सराहनीय पहल, शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। अखंड भारत के शिल्पी एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के पावन अवसर पर जिला पुलिस सुकमा द्वारा शहीद आकाश राव गिरेपुंजे की स्मृति में जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ वीर शहीद आकाश राव गिरेपुंजे को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने शहीद के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

 

उल्लेखनीय है कि शहीद आकाश राव गिरेपुंजे कोंटा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर पदस्थ थे। नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में देश और समाज की सुरक्षा करते हुए उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनकी शहादत आज भी सुकमा जिले के लोगों के हृदय में जीवित है। उनकी स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता उनके बलिदान को सम्मान देने के साथ-साथ नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, वैचारिक जागरूकता, तार्किक क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों को विकसित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।

प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से पहुंचे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों के वक्तव्यों में तर्क, चिंतन, विषय की समझ और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता देखने को मिली। विद्यार्थियों ने अपनी अभिव्यक्ति के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वस्थ लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं का जागरूक, विचारशील और जिम्मेदार होना बेहद आवश्यक है।

कभी नक्सलवाद की चुनौती से जूझने वाले सुकमा जिले में आज शिक्षा, संवाद, विचार और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजन बदलते परिवेश की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहे हैं। यह आयोजन इस बात का प्रतीक है कि सुकमा की नई पीढ़ी अब ज्ञान, तर्क और सकारात्मक सोच के माध्यम से अपने भविष्य की दिशा तय करने के लिए आगे बढ़ रही है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने एवं उनका मार्गदर्शन करने के लिए जिला कलेक्टर श्री अमित कुमार, सीआरपीएफ डीआईजी श्री आनंद सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर, वन मंडलाधिकारी श्री अक्षय भोसले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोज तिर्की, श्री मनीष कंवर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी सहित थाना प्रभारी श्री रोशन राजपूत, श्री सिराज खान तथा जिले के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।

शहीदों का सम्मान, युवाओं को मंच और विचारों को अभिव्यक्ति का अवसर देना ही इस आयोजन की सबसे बड़ी सार्थकता है। शहीद आकाश राव गिरेपुंजे की स्मृतियों को समर्पित यह प्रतियोगिता सुकमा जिले में राष्ट्रभक्ति, शिक्षा, लोकतांत्रिक चेतना और शांति की स्थापना की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बनकर उभर रही है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें