करघे से रैंप तक, खादी ने ओढ़ा आधुनिक फैशन का रंग

SHARE:

रायपुर। खादी महज एक कपड़ा नहीं बल्कि भारत की परंपरा, स्वदेशी भावना, बुनकरों की मेहनत और आत्मनिर्भरता की कहानी है। करघे की लय बुनकर का धैर्य और हाथ से बुने धागों की प्राकृतिक बनावट को आधुनिक फैशन से जोड़ते हुए गांधीअन फैब खादी को नई पीढ़ी के बीच नए अंदाज में प्रस्तुत कर रहा है। गांधीअन फैब का मूल विचार है “Khadi is Young and for the Young.” भारत के अलग-अलग हिस्सों की पारंपरिक बुनाइयों से प्रेरणा लेकर गांधीअन फैब इंडो-वेस्टर्न परिधानों, फ्लोइंग ड्रेसेज, कंटेम्परेरी को-ऑर्ड सेट्स, स्मार्ट वर्कवेयर और रोजमर्रा के सहज परिधानों को तैयार करता है। इन डिजाइनों में खादी की प्राकृतिक खूबसूरती के साथ आधुनिक फैशन का मेल दिखाई देता है।

20 वर्षों से खादी को दे रहे आधुनिक पहचान

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में रहने वाले फैशन डिजाइनर अमीन फरीस्ता पिछले करीब 20 वर्षों से विशेष रूप से हाथ से बुने कपड़ों और खादी पर काम कर रहे हैं। उनके डिजाइन “GANDHIAN FAB” ब्रांड के तहत प्रस्तुत किए जाते हैं। उनके साथ उनकी पत्नी डॉ. रूपल फरीस्ता भी इस पहल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

अमीन फरीस्ता का मानना है कि खादी भारत के स्वदेशी मूल्यों और नैतिक भावना से जुड़ा बहुआयामी कपड़ा है। उनके अनुसार खादी की खासियत सिर्फ उसके कपड़े में नहीं, बल्कि उस मानवीय श्रम में है जो हर धागे के पीछे मौजूद है। हाथ से बुने कपड़े की हल्की असमानता, टेक्सचर और प्राकृतिक बनावट उसे मशीन से बने कपड़ों से अलग पहचान देती है। अमीन और रूपल फरीस्ता ने खादी में नए कट्स, स्टाइल और डिजाइनों के प्रयोग के जरिए भारतीय बुनाई की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को आधुनिक रूप देने का प्रयास किया है।

वर्ष 2011 से खादी कार्निवल की पहल

महात्मा गांधी की जयंती और खादी के संदेश को केंद्र में रखते हुए गांधीअन फैब हर वर्ष 2 अक्टूबर को खादी दिवस मनाता है। इसी कड़ी में आयोजित होने वाला “खादी कार्निवल” देश के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक बुनाइयों, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर लाने की पहल है।गांधीअन फैब वर्ष 2011 से लगातार खादी कार्निवल का आयोजन करता आ रहा है। इसका उद्देश्य पारंपरिक बुनाई और शिल्प की विविधता को लोगों तक पहुंचाने के साथ खादी को आधुनिक फैशन और युवा पीढ़ी से जोड़ना है।

रैंप पर दिखा खादी का आधुनिक अंदाज

खादी कार्निवल में खादी और भारतीय बुनाई की आधुनिक प्रस्तुति को रैंप पर भी देखने को मिला। आयोजन में Noyonita Lodh, जिन्हें Miss Diva Universe 2014 और Miss Catwalk के खिताब से जाना जाता है तथा Aavya Gupta, Ms Diva India International 2019, Showstoppers के रूप में शामिल हुईं।

इनकी मौजूदगी ने पारंपरिक खादी को आधुनिक फैशन और ग्लैमर की दुनिया से जोड़ने के प्रयास को खास आकर्षण दिया। रैंप पर प्रस्तुत परिधानों में पारंपरिक भारतीय टेक्सचर, हाथ से बुने कपड़ों की खूबसूरती और contemporary fashion का संयोजन देखने को मिला।

गांधीअन फैब की पहल का उद्देश्य केवल खादी को पहनावे के रूप में लोकप्रिय बनाना नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपी भारतीय विरासत, बुनकरों की मेहनत और स्वदेशी भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। यही वजह है कि यहां खादी को अतीत की विरासत के बजाय वर्तमान और भविष्य के फैशन के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश दिखाई देती है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें