छत्तीसगढ़ में फसल विविधीकरण को बढ़ावा, किसानों को मिलेगा आर्थिक लाभ; कोदो-कुटकी और रागी की खरीदी 15 दिसंबर से

SHARE:

राजधानी से जनता तक रायपुर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने और पारंपरिक धान की खेती के साथ अन्य फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का विशेष जोर दलहन, तिलहन और श्रीअन्न (मिलेट्स) की खेती को बढ़ावा देने पर है। इसके तहत किसानों को प्रोत्साहन राशि देने के साथ न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर उपज खरीदी की व्यवस्था की जा रही है।

 

फसल विविधीकरण पर किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये तक प्रोत्साहन

 

योजना के तहत धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि 11,000 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये प्रति एकड़ करने का प्रावधान किया गया है। इस योजना के अंतर्गत अब तक 52 हजार से अधिक किसानों ने 28 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र का पंजीयन कराया है।

 

वहीं दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास जैसी फसलों की खेती करने वाले किसानों को 10,000 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन देने का प्रावधान है। इस घटक के अंतर्गत 4 लाख 26 हजार 185 किसानों ने 2 लाख 6 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में पंजीयन कराया है।

 

किसानों को 35,904 करोड़ रुपये का भुगतान

 

खरीफ 2023 से खरीफ 2025 तक प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35,904 करोड़ 90 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसमें खरीफ 2023 के लिए 13,289 करोड़, खरीफ 2024 के लिए 11,976 करोड़ तथा खरीफ 2025 के लिए 10,639 करोड़ रुपये का भुगतान शामिल है।

 

PM-AASHA योजना से दलहन-तिलहन उत्पादकों को लाभ

प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के अंतर्गत दलहनी एवं तिलहनी फसलों का उपार्जन न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किया जाता है।

 

खरीफ 2026 के लिए अरहर, सोयाबीन, उड़द, मूंग एवं मूंगफली का निर्धारित MSP क्रमशः 8,450, 5,708, 8,200, 8,780 एवं 7,517 रुपये प्रति क्विंटल है।

 

इसी प्रकार रबी सीजन 2026-27 के लिए चना, मसूर एवं सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य क्रमशः 5,958, 7,390 एवं 6,613 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

 

वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 29 जिलों में 273 उपार्जन केंद्र अधिसूचित किए गए थे। इनके माध्यम से किसानों से उपज की खरीदी कर करोड़ों रुपये का भुगतान किया गया।

 

15 दिसंबर से शुरू होगी कोदो-कुटकी और रागी की खरीदी

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा श्रीअन्न यानी मिलेट्स के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष पहल की जा रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन संघ (मार्कफेड) के माध्यम से कोदो, कुटकी एवं रागी का उपार्जन किया जाएगा।

 

इसके लिए खरीदी की अवधि 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक निर्धारित की गई है। उपार्जन केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है।

 

रागी की खरीदी केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी, जबकि कोदो एवं कुटकी की खरीदी राज्य सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर होगी।

 

मार्कफेड के माध्यम से खरीदे गए कोदो, कुटकी एवं रागी को छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के जरिए आंगनबाड़ियों एवं माध्यमिक शालाओं में मांग और उपलब्धता के अनुसार वितरित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रसंस्करण इकाइयों और अन्य शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी संस्थानों को भी आपूर्ति की जाएगी।

 

किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों को धान की खेती के अलावा वैकल्पिक फसलों की ओर प्रोत्साहित करना, दलहन-तिलहन का उत्पादन बढ़ाना, मिलेट्स को नई पहचान दिलाना और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना है। इससे प्रदेश में कृषि विविधीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें