सुकमा जिला अस्पताल में कलेक्टर अमित कुमार का औचक निरीक्षण, मरीजों से किया आत्मीय संवाद
मोतियाबिंद ऑपरेशन से लेकर गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी तक, निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
50 बिस्तरों वाले नवीन ट्रॉमा सेंटर के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, दूरस्थ वनांचल के मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर जोर
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले के दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में शनिवार शाम कलेक्टर श्री अमित कुमार ने जिला अस्पताल सुकमा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर उनके स्वास्थ्य, उपचार और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर का संवेदनशील और आत्मीय अंदाज देखने को मिला।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने सिविल सर्जन डॉ. एम. आर. कश्यप एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. खुशबू देवांगन के साथ ओपीडी, नेत्र रोग विभाग, मातृ एवं शिशु वार्ड तथा एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर समुचित उपचार मिले और किसी भी जरूरतमंद को इलाज के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद लौटी आंखों की रोशनी, मरीज ने जताया संतोष
निरीक्षण के दौरान नेत्र रोग विभाग में एक भावुक और सुखद दृश्य देखने को मिला। कोंटा विकासखंड के सुदूर मेटागुड़ा गांव से उपचार कराने पहुंचे ग्रामीण मड़कम अंका ने दोनों आंखों के सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद अपने अनुभव कलेक्टर के साथ साझा किए।
मरीज मड़कम अंका ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “साहब, पहले धुंधला दिखता था, अब साफ नजर आता है। यहां रहने और खाने की भी बहुत अच्छी व्यवस्था है।”
मरीज की बात सुनकर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की और अन्य मरीजों से भी बातचीत कर उन्हें बेहतर उपचार के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि दूरस्थ वनांचलों से आने वाले मरीजों को प्राथमिकता के साथ आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आर्थिक या भौगोलिक कठिनाइयों के कारण किसी का इलाज प्रभावित न हो।
फ्रैक्चर के मरीज से भी की बातचीत, दवाओं और एक्स-रे फिल्मों के स्टॉक की समीक्षा
कलेक्टर ने अस्पताल के एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण करते हुए जगरगुंडा निवासी सुंदरू से मुलाकात की, जो पैर में फ्रैक्चर के उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने मरीज की स्थिति के संबंध में जानकारी ली और संबंधित चिकित्सकों को आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध एक्स-रे फिल्मों और आवश्यक दवाओं के स्टॉक की भी समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की बाधा न आने देने तथा आवश्यक चिकित्सा सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी बनी बड़ी राहत, जिले में ही मिल रही जांच की सुविधा
जिला अस्पताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत उपलब्ध सोनोग्राफी सुविधा दूरस्थ क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं के लिए राहत का माध्यम बन रही है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सोनोग्राफी व्यवस्था का जायजा लिया और गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
अस्पताल में पंजीकृत 149 गर्भवती महिलाओं में से 45 महिलाओं की सोनोग्राफी जांच पूरी हो चुकी थी। चिंतलनार की श्रीमती पुष्पा और नागुलगुंडा की श्रीमती मुये सहित कई वनांचल क्षेत्रों की महिलाओं ने पहली बार सोनोग्राफी जांच कराई।
जांच के माध्यम से गर्भस्थ शिशु की स्थिति की जानकारी मिलने पर महिलाओं ने राहत और खुशी जाहिर की। उन्होंने अस्पताल में भोजन-पानी सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी सराहना की। पहले ऐसी जांचों के लिए दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब जिला अस्पताल में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से गर्भवती महिलाओं को काफी सहूलियत मिल रही है।
50 बिस्तरों वाले ट्रॉमा सेंटर का किया निरीक्षण, निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
निरीक्षण के अंतिम चरण में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने जिला अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 50 बिस्तरों वाले नवीन ट्रॉमा सेंटर के लेआउट और डिजाइन का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
ट्रॉमा सेंटर के निर्माण से सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों और गंभीर आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे दूरस्थ वनांचलों के मरीजों को गंभीर उपचार के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम करने में भी सहायता मिलने की उम्मीद है।
संवेदनशील प्रशासन और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
कलेक्टर के इस निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुविधाओं, आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता और अस्पताल के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
जिला अस्पताल में निःशुल्क उपचार, मोतियाबिंद ऑपरेशन, सोनोग्राफी जैसी जांच सुविधाओं और नवीन ट्रॉमा सेंटर के निर्माण से जिले के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं।
मरीज की आंखों में लौटी रोशनी और गर्भवती महिलाओं के चेहरों पर दिखी राहत इस बात को रेखांकित करती है कि सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आम लोगों के जीवन में कितना बड़ा बदलाव ला सकती हैं। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि सुकमा के दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों को भी समय पर बेहतर उपचार मिले और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।








