39.95 मीटर पहुंचा जलस्तर, वार्निंग लेवल के करीब; निचले इलाकों में विशेष सतर्कता की अपील
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा/कोंटा, 24 सितंबर 2026। कोंटा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच शबरी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार शाम 6 बजे नदी का जलस्तर 39.95 मीटर दर्ज किया गया। नदी का वार्निंग लेवल 40.50 मीटर तथा डेंजर लेवल 42.00 मीटर निर्धारित है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों के लिए हाई अलर्ट एडवाइजरी जारी करते हुए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि वे शबरी नदी एवं नदी के आसपास के निचले क्षेत्रों में जाने से बचें। नदी, नालों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन नहीं करें। जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए विशेष रूप से बच्चों एवं बुजुर्गों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की अपील की गई है।
प्रशासन की अपील—सतर्क रहें, घबराएं नहीं
प्रशासन ने कहा है कि वर्तमान स्थिति में नागरिक घबराएं नहीं, लेकिन पूर्ण सतर्कता एवं सावधानी बरतें। नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव पर लगातार नजर रखी जा रही है। नागरिकों से प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किए जाने वाले आगामी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
आपात स्थिति उत्पन्न होने पर नागरिक तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा आपदा प्रबंधन दल को सूचना दें, ताकि जरूरत के अनुसार त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
सहायता के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
किसी भी आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर नागरिक निम्न अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं—
एसडीएम कोंटा — श्री सुभाष शुक्ला
📞 9752806423
तहसीलदार कोंटा — सुश्री निधि प्रधान
📞 6263199166
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत प्रशासनिक सूचनाओं पर भरोसा करें। नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतते हुए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।








