सुकमा में बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट मोड पर, प्रभावितों तक पहुंच रही राहत

SHARE:

कलेक्टर-डीएफओ-एडिशनल एसपी ने प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, 850 से अधिक लोगों के लिए राहत शिविरों में भोजन और ठहरने की व्यवस्था

 

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। जिले में लगातार हो रही बारिश और कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर श्री अमित कुमार, डीएफओ श्री अक्षय भोंसले और एडिशनल एसपी श्री रोहित शाह ने शुक्रवार सुबह से ही संवेदनशील एवं जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट मार्ग स्थित पावारास रोड पर जलभराव, शबरी नदी पर झापरा पुल, रामाराम में सड़क किनारे गिरे ट्रांसफार्मर तथा बोदागुड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पानी के तेज बहाव का निरीक्षण किया। पुलिस विभाग की टीमें भी लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रही हैं और आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं।

कलेक्टर ने राजस्व अमले को संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की टीमें लगातार मैदानी स्तर पर सक्रिय हैं, ताकि बारिश और जलभराव से प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

850 से अधिक लोगों के लिए राहत शिविरों में व्यवस्था

लगातार बारिश के कारण सुकमा-कोंटा राष्ट्रीय राजमार्ग के कुछ हिस्सों में पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन ने प्रभावित एवं जरूरतमंद लोगों के लिए विभिन्न स्थानों पर राहत शिविर शुरू किए हैं।

सामुदायिक भवन कोंटा में करीब 550, आसिरगुड़ा में लगभग 220 तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा में करीब 100 लोगों के लिए भोजन और सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन द्वारा राहत शिविरों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर भी नजर रखी जा रही है।

अधिकारियों ने राहत शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रभावित लोगों के साथ बैठकर भोजन भी किया। इससे राहत शिविरों में रह रहे लोगों को प्रशासन की सक्रियता और सहयोग का भरोसा मिला।

प्रभारी मंत्री और सांसद ने ली जिले की स्थिति की जानकारी

लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को लेकर सुकमा जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप एवं बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने कलेक्टर श्री अमित कुमार से दूरभाष पर चर्चा कर जिले की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।

कलेक्टर ने उन्हें जलभराव, प्रभावित क्षेत्रों तथा राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशासन पूरे जिले में सतत निगरानी बनाए हुए है और आवश्यकता वाले स्थानों पर तत्काल राहत एवं बचाव दल सक्रिय किए जा रहे हैं। कोंटा और सुकमा में राहत शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के लिए सुरक्षित ठहरने और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

प्रशासन की अपील—उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार न करें

संभावित बाढ़ एवं जलभराव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों, नालों, पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले जलभराव क्षेत्रों से दूर रहें। उफनते रास्तों को पार करने का जोखिम न उठाएं और खतरे की स्थिति में तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर चले जाएं।

बिजली के खंभों, टूटे तारों और अन्य विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखने तथा मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की गई है।

घर से अनावश्यक बाहर न निकलें

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अत्यधिक बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। जरूरी दवाएं, पीने का पानी और सूखा राशन सुरक्षित स्थान पर पहले से रखने की सलाह दी गई है। मौसम संबंधी अपडेट और प्रशासनिक निर्देशों के लिए मोबाइल अलर्ट पर नजर रखने को कहा गया है।

किसी भी आपात स्थिति में नागरिक अपने ग्राम पंचायत, पटवारी अथवा राजस्व दल से संपर्क कर सकते हैं।

आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर

📞 07864284012

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन पर सूचना दें। प्रशासन का प्रयास है कि लगातार बारिश के बीच जिले के प्रत्येक प्रभावित नागरिक तक समय पर राहत, सुरक्षित आश्रय और आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सके।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें