दूरस्थ अंचल में बेटियों की सेहत की फिक्र ,एर्राबोर पोटाकेबिन पहुंची पोर्टेबल एक्स-रे तकनीक, 124 बालिकाओं की टीबी स्क्रीनिंग

SHARE:

जिला प्रमुख नवीन जिंदल 

सुकमा। वनांचल की दुर्गम राहों और सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं के बीच जब आधुनिक चिकित्सा तकनीक जरूरतमंदों तक पहुंचती है, तो यह केवल स्वास्थ्य सेवा नहीं, बल्कि बदलाव की एक मजबूत पहल बन जाती है। सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्र एर्राबोर स्थित पोटाकेबिन में ऐसा ही एक प्रयास देखने को मिला, जहां स्वास्थ्य विभाग और पीरामल स्वास्थ्य के संयुक्त तत्वावधान में विशेष टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया।

कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में पोटाकेबिन में अध्ययनरत 124 बालिकाओं की चेस्ट एक्स-रे के माध्यम से टीबी स्क्रीनिंग की गई। खास बात यह रही कि स्वास्थ्य जांच के लिए छात्राओं को दूर अस्पताल ले जाने के बजाय स्वास्थ्य टीम स्वयं आधुनिक हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन लेकर पोटाकेबिन पहुंची।

मिनटों में मौके पर हुई फेफड़ों की जांच

दूरस्थ वनांचल में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आसान बनाने में पोर्टेबल एक्स-रे तकनीक महत्वपूर्ण साबित हुई। कॉम्पैक्ट डिजिटल मशीन की मदद से मौके पर ही छात्राओं के चेस्ट एक्स-रे किए गए। इससे लंबी दूरी तय कर अस्पताल पहुंचने की आवश्यकता नहीं पड़ी और जांच की प्रक्रिया भी सहज एवं सुविधाजनक रही।

इस पहल का उद्देश्य टीबी जैसे गंभीर रोग की समय रहते पहचान कर संभावित मरीजों को आगे की जांच और उपचार से जोड़ना है। विशेष रूप से छात्रावास एवं आवासीय विद्यालयों में रहने वाले बच्चों की नियमित स्वास्थ्य निगरानी को इससे मजबूती मिलती है।

18 बालिकाएं प्रारंभिक जांच में चिन्हित

स्क्रीनिंग के दौरान स्वास्थ्य टीम ने प्रारंभिक लक्षणों एवं जांच के आधार पर 18 बालिकाओं को आगे की जांच के लिए चिन्हित किया। इन बालिकाओं के बलगम के नमूने मौके पर ही संकलित किए गए, जिन्हें बीमारी की पुष्टि के लिए दोरनापाल स्थित ट्रू-नॉट जांच केंद्र भेजा गया।

समय पर स्क्रीनिंग, नमूना संकलन और जांच केंद्र तक भेजने की यह प्रक्रिया संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान और आवश्यकता पड़ने पर समय पर उपचार शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने की पहल

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भुवन विजय कुर्रे के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में जिला टीबी/एचआईवी समन्वयक जयनारायण सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा पर्यवेक्षक कुंदल सिंह कुंजाम, रेडियोग्राफर लखन एवं अर्जुन सहित स्वास्थ्य टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

दुर्गम क्षेत्रों में पोर्टेबल चिकित्सा तकनीक के उपयोग से यह पहल बताती है कि स्वास्थ्य सेवाओं को केवल अस्पतालों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें जरूरतमंदों के बीच, उनके नजदीक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

एर्राबोर पोटाकेबिन में 124 बालिकाओं की एक ही दिन में हुई टीबी स्क्रीनिंग दूरस्थ अंचल में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। समय पर जांच, संभावित मामलों की पहचान और आगे की जांच की व्यवस्था से वनांचल की बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास सामने आया है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें