नगर पंचायत परपोड़ी में त्वरित सेवा से खिले चेहरे, हितग्राही ने कहा – “अब सेवा सच में सेतु बन गई है”
राजधानी से जनता तक
*बेमेतरा, 23 सितंबर 2026।* प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर शुरू किया गया सेवा सेतु अभियान अब ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में सुशासन की नई कहानी लिख रहा है। जिला प्रशासन बेमेतरा द्वारा नगर पंचायत परपोड़ी में लगाए गए सेवा सेतु केंद्र में नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और बिना भटके सेवाएं मिल रही हैं। इसी की एक मिसाल हैं वार्ड क्रमांक 02, इंदिरा नगर, परपोड़ी निवासी श्रीमती चांदनी यादव।
*दो घंटे में पूरी हुई वर्षों की चिंता*
चांदनी यादव अपने विवाह प्रमाण पत्र को बनवाने के लिए सेवा सेतु केंद्र पहुंची थीं। उन्हें आशंका थी कि सरकारी काम में कई दिन लगेंगे, कई चक्कर काटने पड़ेंगे। लेकिन सेवा सेतु ने उनकी सोच बदल दी।
चांदनी बताती हैं, मैं विवाह प्रमाण पत्र बनवाने सेवा सेतु केंद्र नगर पंचायत परपोड़ी आई थी। आवेदन करने के दो घंटे के अंदर ही पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया से मेरा प्रमाण पत्र बनकर मिल गया।
विवाह प्रमाण पत्र मिल जाने से अब उनके राशन कार्ड, श्रम कार्ड और आधार कार्ड में नाम अपडेट कराने का रास्ता आसान हो गया है।
*हितग्राही ने जताया आभार*
अपनी खुशी जाहिर करते हुए चांदनी यादव ने कहा, मैं सेवा सेतु की इस जनहितैषी सेवा से बहुत संतुष्ट हूं। इसके लिए मैं छत्तीसगढ़ शासन, माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन बेमेतरा एवं नगर पंचायत परपोड़ी को हृदय से धन्यवाद देती हूं।
सेवा सेतु केंद्र में लगे QR कोड स्कैन की सुविधा से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी, आवेदन की स्थिति और फीडबैक देना और भी आसान हो गया है।
सच में, सेवा सेतु आज शासन और आम जनता के बीच विश्वास का सेतु बन गया है – त्वरित सेवा, संतुष्ट चेहरे इसी का प्रमाण है।








