आंधी-तूफान से प्रभावित ग्रामीणों के बीच पहुंची जगरगुंडा पुलिस, घायल बुजुर्ग महिला को समय पर मिला उपचार

SHARE:

पूवर्ती और तुमालपारा में कई घरों के छप्पर क्षतिग्रस्त, पेड़ गिरने से हुआ नुकसान; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

 

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा, 23 सितंबर 2026। थाना जगरगुंडा क्षेत्र के ग्राम पूवर्ती एवं तुमालपारा में बुधवार को तेज बारिश और आंधी-तूफान ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दीं। तेज हवाओं के चलते कई घरों के छप्पर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कुछ मकानों के ऊपर पेड़ गिरने से ग्रामीणों को नुकसान उठाना पड़ा।

 

प्राकृतिक आपदा की सूचना मिलते ही जगरगुंडा पुलिस तत्काल प्रभावित गांवों में पहुंची और ग्रामीणों की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। पुलिस जवानों ने प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की समझाइश भी दी।

इसी दौरान ग्राम तुमालपारा, पूवर्ती निवासी 65 वर्षीय मड़कम दुलारी, पति स्वर्गीय जोगा, के घर के ऊपर पेड़ गिर गया। हादसे में बुजुर्ग महिला को चोटें आईं। स्थिति को देखते हुए जगरगुंडा पुलिस ने बिना समय गंवाए उन्हें CRPF कैंप पूवर्ती पहुंचाया, जहां CRPF मेडिकल स्टाफ ने तत्काल उपचार शुरू किया। उपचार के बाद महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

प्रशासनिक अमले को भी दी गई सूचना

जगरगुंडा पुलिस ने प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही आवश्यक सहायता और सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए। घटना की जानकारी विद्युत विभाग के जेई, तहसीलदार एवं पटवारी को भी दी गई है, ताकि क्षति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

आपदा की घड़ी में पुलिस की संवेदनशील पहल

प्रतिकूल मौसम और प्राकृतिक आपदा के बीच जगरगुंडा पुलिस की तत्परता से प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल सहायता मिली। घायल बुजुर्ग महिला को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की पहल ने पुलिस के जनसेवा, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण को सामने रखा।

थाना जगरगुंडा, जिला सुकमा पुलिस ने दोहराया कि विपरीत परिस्थितियों में ग्रामीणों की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस बल सदैव तत्पर है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें