छात्रावासों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, अधीक्षक को तत्काल हटाने के निर्देश

SHARE:

कलेक्टर श्री अमित कुमार ने छिंदगढ़ विकासखंड के आश्रम-छात्रावासों का किया औचक निरीक्षण, पेयजल, भोजन, स्वच्छता और बच्चों की सुविधाओं का लिया जायजा

जिला प्रमुख नवीन दांदडें | राजधानी से जनता तक

सुकमा। विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमित कुमार ने बुधवार को छिंदगढ़ विकासखंड के विभिन्न आश्रम एवं छात्रावासों का सघन एवं औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावासों में पेयजल, स्वच्छता, भोजन, किचन व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध संसाधनों की स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त श्री हेमंत सिन्हा भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने बालक आश्रम डोलेरास पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने वाटर प्यूरीफायर, किचन सामग्री तथा साफ-सफाई की स्थिति देखी। व्यवस्थाएं बेहतर मिलने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और सामग्री के सुव्यवस्थित रख-रखाव की सराहना की।
इसके बाद कन्या आश्रम कूकानार में उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं और रिपेयरिंग कार्यों का जायजा लिया। यहां की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए कलेक्टर ने वाटर प्यूरीफायर से संबंधित कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास कुमाकोलेंग में भी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान बालक आश्रम पेंदलनार में वाटर प्यूरीफायर स्थापित नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधीक्षक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आश्रम-छात्रावासों में रहने वाले बच्चों को स्वच्छ पेयजल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी आश्रम-छात्रावासों में टोटीदार कंटेनर, विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग ग्लास एवं थाली, हाथ धोने के लिए पृथक नल तथा बर्तन धोने के लिए अलग स्थान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
तोंगपाल छात्रावास में मिली कमियां, अधीक्षक को हटाने के निर्देश
पोस्ट-मैट्रिक बालक छात्रावास तोंगपाल के निरीक्षण के दौरान कई कमियां सामने आईं। यहां वाटर प्यूरीफायर उपलब्ध नहीं था, बच्चों के लिए पर्याप्त संख्या में ग्लास नहीं थे तथा एयरटाइट कंटेनर की खरीदी भी नहीं की गई थी।

कलेक्टर ने पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मामले में जवाबदेही तय करते हुए अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने प्री-मैट्रिक छात्रावास तोंगपाल का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
बच्चों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आश्रम एवं छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने नियमित निरीक्षण और व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि छात्रावास केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इसलिए यहां स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, पौष्टिक भोजन, व्यक्तिगत स्वच्छता और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
कलेक्टर के औचक निरीक्षण से यह स्पष्ट संदेश गया कि विद्यार्थियों की सुविधाओं और स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में प्रशासन गंभीर है तथा निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें