चिंतलनार के गुण्डराजगुड़ेम और रासापल्ली के जंगलों में संयुक्त सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, टिफिन आईईडी, हैंड ग्रेनेड और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी मिली
आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर चला सर्चिंग अभियान, जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स को मिली सफलता
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। दुर्गम जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प का खुलासा करते हुए संयुक्त सुरक्षा बलों ने 8 देशी हथियार, 229 जिंदा कारतूस, टिफिन आईईडी, हैंड ग्रेनेड, डेटोनेटर सहित भारी मात्रा में विस्फोटक एवं नक्सली उपयोग की सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई 25 नवंबर 2026 को थाना चिंतलनार क्षेत्र के गुण्डराजगुड़ेम एवं रासापल्ली के जंगल-पहाड़ी इलाके में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज श्री बद्री नारायण मीणा, पुलिस अधीक्षक सुकमा श्री मयंक गुर्जर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोज तिर्की एवं श्री मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में संयुक्त सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। इसमें जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम शामिल थी।
जंगल में छिपे डम्प से मिले 8 हथियार और 229 कारतूस
अभियान के दौरान 25 नवंबर को दोपहर रासापल्ली के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग करते समय सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखा गया डम्प मिला। इसकी सघन तलाशी लेने पर 2 सिंगल शॉट रायफल और 6 भरमार बंदूक सहित कुल 8 देशी हथियार बरामद किए गए।
इसके अलावा विभिन्न हथियारों के कुल 229 जिंदा कारतूस भी मिले। इनमें एके-47 के 98, एसएलआर के 49, इंसास के 35, .303 रायफल के 30, 9 एमएम के 13 तथा 12 बोर के 4 कारतूस शामिल हैं।
टिफिन आईईडी, हैंड ग्रेनेड और विस्फोटक सामग्री भी बरामद
सुरक्षा बलों को डम्प से एक टिफिन आईईडी (लगभग 10 से 12 किलोग्राम, वायर रहित अवस्था में), 3 हैंड ग्रेनेड, 4 देशी तीर बम और 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर भी मिले। इसके साथ ही 5 किलोग्राम के लगभग गन पाउडर, करीब 50 मीटर कोडेक्स वायर और लगभग 100 मीटर इलेक्ट्रिक वायर भी बरामद किया गया।
बरामद सामग्री में इंसास की 4, एके-47 की 4 और स्टेन गन की 2 मैगजीन, 3 बड़े एवं 2 मध्यम बीजीएल सेल तथा 11 बीजीएल कारतूस भी शामिल हैं।
वायरलेस सेट से लेकर नक्सली वर्दी और साहित्य तक मिला
डम्प की तलाशी में हथियार एवं विस्फोटकों के अलावा संचार और दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद हुई है। इसमें एक मोटोरोला वायरलेस सेट, बैटरी, वायरलेस चार्जर, रिमोट रिसीवर, 4 पिट्ठू बैग, 15 जोड़ी नक्सली काली वर्दी, लगभग 15 मीटर कॉम्बैट वर्दी का कपड़ा, 3 नीले ड्रम, मैगजीन पाउच, दवाइयां और नक्सली साहित्य सहित अन्य सामग्री शामिल है।
नक्सलियों के छिपे ठिकानों पर सुरक्षा बलों की लगातार नजर
पुलिस के अनुसार, जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा जंगलों एवं दुर्गम इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री के डम्प की तलाश लगातार की जा रही है। आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर सुरक्षा बलों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में बरामद सभी सामग्रियों को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सुकमा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत ऐसे सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।








