89.20 लाख रुपये के विकास कार्यों को मिली प्रशासकीय स्वीकृति, महिलाओं को मिलेगा बैठक, प्रशिक्षण और आजीविका गतिविधियों के लिए अपना भवन
कोंटा के सेन्दुरगुड़ा में सीसी रोड और दो पुलियों का होगा निर्माण, बारिश के मौसम में आवागमन की परेशानी से मिलेगी राहत
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले के ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना एवं महतारी सदन योजना के तहत जिले में कुल 89 लाख 20 हजार रुपये के निर्माण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत ग्राम पंचायत ढोंढरा और गादीरास में 30-30 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त महतारी सदनों का निर्माण किया जाएगा। वहीं, ग्राम पंचायत सेन्दुरगुड़ा में सड़क और पुलिया निर्माण के तीन कार्य भी कराए जाएंगे।
कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में स्वीकृत इन कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के साथ महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।
ढोंढरा और गादीरास में 60 लाख से बनेंगे महतारी सदन
महिलाओं के सशक्तिकरण और स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए महतारी सदन योजना के अंतर्गत कुल 60 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत विकासखंड कोंटा की ग्राम पंचायत ढोंढरा में 30 लाख रुपये तथा विकासखंड सुकमा की ग्राम पंचायत गादीरास में 30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन का निर्माण होगा।
इन भवनों में महिला स्व-सहायता समूहों की नियमित बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम, आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियां और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। महिलाओं को एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होने से समूहों के कार्यों के संचालन, आपसी समन्वय और नए रोजगार के अवसर विकसित करने में मदद मिलेगी।
सेन्दुरगुड़ा में 29.20 लाख से बनेंगी सड़क और पुलिया
ग्रामीण संपर्क मार्गों को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत विकासखंड कोंटा की ग्राम पंचायत सेन्दुरगुड़ा में तीन निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई है।
स्वीकृत कार्यों में सुशासन परिसर से सामुदायिक भवन तक सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रुपये, तुंगावागू मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए 12 लाख रुपये तथा आरलापेन्टा मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए 12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन निर्माण कार्यों पर कुल 29 लाख 20 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
सड़क और पुलियों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विशेषकर बरसात के दौरान जलभराव और रास्तों में होने वाली परेशानियों को कम करने में इन कार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
गुणवत्ता और समय-सीमा पर रहेगा प्रशासन का जोर
जिला पंचायत द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्माण एजेंसी नियुक्त किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों, स्वीकृत प्राक्कलन और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। साथ ही कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया है।
विकास के साथ महिला सशक्तिकरण को भी मिलेगा बढ़ावा
सुकमा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वीकृत ये निर्माण कार्य केवल बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। एक ओर सड़क और पुलियों के निर्माण से गांवों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी, वहीं दूसरी ओर महतारी सदनों के माध्यम से महिलाओं को सामूहिक गतिविधियों, प्रशिक्षण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।
जिला प्रशासन की इस पहल से ढोंढरा, गादीरास और सेन्दुरगुड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।








