आरंग। दिल्ली में आयोजित 70वीं अंडर-19 शालेय बालिका रग्बी प्रतियोगिता में आरंग रग्बी फुटबॉल क्लब की होनहार खिलाड़ी टीकेश्वरी साहू ने छत्तीसगढ़ रग्बी टीम का नेतृत्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से आरंग सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल
आरंग युवा एवं खेल संगठन के अध्यक्ष अमन साहू ने बताया कि कसडोल में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय बालिका रग्बी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर टीकेश्वरी साहू का चयन छत्तीसगढ़ रग्बी टीम में हुआ था। टीकेश्वरी प्रतिदिन मैदान में अनुशासन और समर्पण के साथ अभ्यास करती हैं। उनकी निरंतर मेहनत, लगन और खेल के प्रति जुनून का ही परिणाम है कि उन्हें प्रदेश की टीम का नेतृत्व करने का अवसर मिला
इससे पहले भी टीकेश्वरी साहू कई उच्च स्तरीय रग्बी प्रतियोगिताओं में अपने शानदार प्रदर्शन से प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। दिल्ली में प्रदेश की टीम का नेतृत्व करना उनके खेल जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर आरंग युवा एवं खेल संगठन के संरक्षक योगेंद्र चंद्राकर, अध्यक्ष अमन साहू, सचिव मनीष सोनकर, शिवम सोनकर तथा आरंग रग्बी फुटबॉल क्लब से शोभा लोधी, हिमांशु लोधी सहित संगठन के समस्त सदस्यों एवं खिलाड़ियों ने टीकेश्वरी साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आरंग की इस होनहार बेटी की सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।








