राजधानी से जनता तक कोरबा। बालको क्षेत्र के रामलीला मैदान में 18 नवंबर से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा में वृंदावन धाम की पूज्या देवी महेश्वरी ‘श्रीजी’ भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और श्रीमद्भागवत के प्रसंगों का संगीतमय वर्णन करेंगी। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इससे पहले 17 नवंबर को दोपहर 2 बजे श्रीराम मंदिर से रामलीला मैदान तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।
विश्व मंगल परिवार सेवा संस्थान, बालको की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से रात 9 बजे तक कथा का आयोजन होगा। 18 नवंबर को देवी पूजन, भागवत कथा महात्म्य, मंगलाचरण और राजा परीक्षित जन्म प्रसंग के साथ कथा का शुभारंभ किया जाएगा।
सात दिवसीय कथा के दौरान 19 नवंबर को कपिलोपदेश, सती चरित्र एवं भक्ति-ज्ञान-वैराग्य की कथा सुनाई जाएगी। 20 नवंबर को जड़ भरत चरित्र, अजामिल उद्धार और भक्त प्रहलाद के प्रसंग होंगे। वहीं, 21 नवंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गजेन्द्र मोक्ष, समुद्र मंथन एवं श्रीवामन अवतार की कथा का आयोजन किया जाएगा।
22 नवंबर को गोवर्धन लीला, बाल लीलाओं और छप्पन भोग के साथ गोवर्धन पूजा होगी। 23 नवंबर को महारास लीला चरित्र एवं श्रीरुक्मिणी विवाह उत्सव आयोजित होगा। कथा के अंतिम दिन 24 नवंबर को सुदामा चरित्र, राजा परीक्षित मोक्ष, व्यास पूजन और तुलसी वर्षा के बाद कथा विश्राम एवं आरती होगी।
आयोजकों के अनुसार, कथा का आयोजन 18 से 24 नवंबर तक बालको स्थित रामलीला मैदान में किया जाएगा। धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं से शामिल होकर कथा श्रवण करने की अपील की गई है।








