4 और 5 नवंबर को होगा जिला स्तरीय युवा महोत्सव, विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखेगी युवाओं की प्रतिभा
सक्ती- छत्तीसगढ़ राज्य के युवाओं की प्रतिभा, संस्कृति और सृजनशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला सक्ती द्वारा 4 एवं 5 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से जिले के युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
आयोजित युवा महोत्सव में विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा एवं लोकगीत प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कार्यक्रम का आयोजन दोनों दिन प्रातः 10 बजे से किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना तथा छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं परंपराओं को बढ़ावा देना है।
आयोजन समिति का कहना है कि युवाओं की सहभागिता से न केवल उनकी प्रतिभा को पहचान मिलेगी, बल्कि कला, संस्कृति और नवाचार को भी नई दिशा मिलेगी।








