सम्राट नगर के उदय नारायण वर्मा ने घर पर लगवाया 3 किलोवाट का सोलर पैनल, प्रतिदिन 16 से 17 यूनिट तक हो रहा बिजली उत्पादन
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अब आम परिवारों के लिए आर्थिक बचत और स्वच्छ ऊर्जा का मजबूत माध्यम बन रही है। योजना के जरिए जिले के नागरिक सौर ऊर्जा को अपनाकर न केवल बिजली खर्च में राहत पा रहे हैं, बल्कि ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी कदम बढ़ा रहे हैं।
इसी कड़ी में नगर पालिका परिषद सुकमा के सम्राट नगर निवासी श्री उदय नारायण वर्मा ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराकर योजना का लाभ उठाया है। सोलर पैनल लगने के बाद उनके घर का बिजली बिल शून्य हो गया है, जिससे परिवार को हर महीने बिजली खर्च से बड़ी राहत मिल रही है।
श्री वर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनके घर में प्रतिदिन लगभग 10 से 11 यूनिट बिजली की खपत होती थी। बिजली की नियमित खपत को देखते हुए उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर ऊर्जा अपनाने का निर्णय लिया। अब उनके घर में स्थापित 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल सामान्य दिनों में प्रतिदिन लगभग 16 से 17 यूनिट तक बिजली का उत्पादन कर रहा है। हालांकि बारिश और बादल वाले दिनों में पर्याप्त धूप नहीं मिलने से उत्पादन में कुछ कमी आती है, फिर भी योजना उनके परिवार के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है।
अतिरिक्त बिजली का भी मिल रहा लाभ
श्री वर्मा ने बताया कि इस योजना की एक विशेष सुविधा यह है कि जब किसी महीने सोलर पैनल से बिजली का उत्पादन घरेलू खपत से अधिक होता है, तो अतिरिक्त बिजली का क्रेडिट बिजली खाते में दर्ज हो जाता है। इसका समायोजन आगामी बिजली बिल में किया जाता है। इस व्यवस्था से उत्पादित अतिरिक्त बिजली भी उपयोगी साबित होती है और उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ मिलता है।
जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए शासन का जताया आभार
श्री उदय नारायण वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इन वर्षों में राज्य के सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित की गई हैं। उन्होंने आम नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयासों के लिए छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को आम परिवारों के लिए बेहद उपयोगी पहल बताया।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली खर्च में बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। अधिक से अधिक लोगों को इस योजना के प्रति जागरूक होकर इसका लाभ उठाना चाहिए।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सुकमा जिले में स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने, आम नागरिकों का आर्थिक बोझ कम करने और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उदय नारायण वर्मा का अनुभव इस बात का उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का सही उपयोग कर आम परिवार भी अपने घर की बिजली जरूरतों को सौर ऊर्जा के माध्यम से पूरा कर सकते हैं।








