8 साल के मासूम का अपहरण कर मांगी 15 लाख की फिरौती

SHARE:

रायपुर में 8 साल के मासूम का अपहरण कर मांगी 15 लाख की फिरौती, पुलिस ने 6 घंटे में सुलझाया मामला; तीन पकड़े गए

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आठ वर्षीय बच्चे के अपहरण और 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हालांकि, रायपुर ग्रामीण पुलिस की तत्परता से अपहरण की गुत्थी महज छह घंटे में सुलझ गई। पुलिस की लगातार घेराबंदी और दबिश से घबराए आरोपी बच्चे को पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।

खेलने निकला मासूम, फिर नहीं लौटा घर

पुलिस के मुताबिक, घटना 16 अक्टूबर 2026 की है। आरंग निवासी एक व्यक्ति इंदिरा चौक स्थित मेडप्लस मेडिकल दुकान में काम करता है, जबकि उसकी पत्नी नर्स है। घटना की सुबह उसकी पत्नी अपने आठ वर्षीय बेटे को मेडिकल दुकान में छोड़कर चली गई थी।

सुबह करीब नौ बजे बच्चा अपने पिता से खेलने और साइकिल चलाने की बात कहकर दुकान से बाहर निकला। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और परिचितों के यहां खोजबीन करने के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार, परिजन शाम करीब चार बजे आरंग थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।

फोन पर मांगी 15 लाख रुपये की फिरौती

परिजन बच्चे की तलाश में जुटे थे, तभी पिता के मोबाइल पर अज्ञात लोगों का फोन आया। फोन करने वालों ने बच्चे को अपने कब्जे में होने की बात कही और उसे सुरक्षित छोड़ने के बदले 15 लाख रुपये की मांग की। फिरौती की मांग सामने आते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहरणकर्ताओं की तलाश तेज कर दी।

साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरंग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। रेंज साइबर सेल की सहायता से संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस की गई और संभावित ठिकानों पर घेराबंदी की गई।

पुलिस का दबाव बढ़ता देख अपहरणकर्ता बच्चे को ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल बच्चे को अपने संरक्षण में लिया और सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया।

बलौदाबाजार जिले से पकड़े गए आरोपी

बच्चे की सुरक्षित बरामदगी के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम दतरेंगी में दबिश दी। यहां से हेमंत उर्फ छोटू निषाद (25 वर्ष) और मिथलेश ध्रुव उर्फ भुरू (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

राहत की बात यह रही कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आठ वर्षीय मासूम को सकुशल बरामद कर लिया गया और फिरौती वसूलने की कोशिश नाकाम हो गई।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें