कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने सौंपी जिम्मेदारी, पारदर्शी प्रक्रिया से हुआ चयन
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले में ग्रामीण विकास और सुशासन को मजबूत बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिला पंचायत सुकमा के अंतर्गत पंचायत सचिव (पंचायतकर्मी) के 22 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) मुकुन्द ठाकुर ने मेरिट के आधार पर चयनित 22 नवनियुक्त पंचायत सचिवों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पत्र मिलते ही युवाओं के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

नियमों के पालन के साथ पूरी हुई भर्ती प्रक्रिया
पंचायत संचालनालय, नवा रायपुर से प्राप्त निर्देशों एवं स्वीकृति के अनुरूप जिला पंचायत सुकमा ने भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया। भर्ती के दौरान निर्धारित नियमों और विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अंतिम वरीयता सूची तैयार की गई। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची जारी की गई।

जिला प्रशासन के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए अभ्यर्थियों को चयन सूची से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं पंचायत सचिव : कलेक्टर
नवनियुक्त पंचायत सचिवों को बधाई देते हुए कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि पंचायत सचिव ग्रामीण विकास की रीढ़ होते हैं। पंचायत स्तर पर शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम नागरिकों तक शासकीय सेवाओं का लाभ पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने सभी नवनियुक्त सचिवों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
पंचायतों को मजबूत बनाने में निभाएं सक्रिय भूमिका
जिला पंचायत के सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने भी नवनियुक्त पंचायत सचिवों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवों की जिम्मेदारी केवल शासकीय कार्यों के निष्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों की समस्याओं का समय पर समाधान करना और पंचायतों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना भी उनके दायित्वों में शामिल है।
उन्होंने सभी सचिवों से ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रहकर शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।
वेबसाइट और सूचना पटल पर उपलब्ध है चयन सूची
जिला प्रशासन ने भर्ती प्रक्रिया से संबंधित चयन सूची एवं प्रतीक्षा सूची सार्वजनिक की है। अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी के लिए जिला पंचायत सुकमा, जनपद पंचायत सुकमा, कोन्टा एवं छिंदगढ़ के सूचना पटल का अवलोकन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.sukma.gov.in पर भी संबंधित जानकारी देखी जा सकती है।
22 नवनियुक्त पंचायत सचिवों को नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही जिले में पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्यों को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अब इन नवनियुक्त कर्मियों की भूमिका ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और आमजन को सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण होगी।








