राजधानी से जनता तक/चरण सिंह क्षेत्रपाल
डूमरबाहाल। शारदेय नवरात्र पर्व के अवसर पर ग्राम डूमरबाहाल में इन दिनों भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। नवरात्र के चौथे दिन श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कुष्मांडा की विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की। पूरे गांव में माता की भक्ति और आराधना को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
ग्राम डूमरबाहाल में नवरात्र उत्सव धार्मिक परंपराओं और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान सर्व देव पूजक पंडित भोला प्रसाद दुबे द्वारा पूजा-अर्चना संपन्न कराई जा रही है। वहीं ग्राम देवी-देवताओं के पुजारी हरिसिंह ध्रुवा एवं कर्ता केशबो राम ध्रुवा सहित समस्त ग्रामवासी आयोजन में अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।
प्रतिदिन प्रातःकाल एवं संध्याकाल में होने वाली आरती और पूजा-अर्चना में श्रद्धालु भक्तों, माता-बहनों, युवा-युवतियों सहित ग्रामीणजन बढ़-चढ़कर शामिल हो रहे हैं। माता के जयकारों और भक्ति भाव से पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंगा हुआ है। श्रद्धालु मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और गांव की उन्नति की कामना कर रहे हैं।
नवरात्र पर्व के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार आयोजित पूजा-पाठ से गांव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना में शामिल होने से ग्रामीणों के बीच आपसी सद्भाव, एकता और धार्मिक आस्था भी मजबूत हो रही है। ग्रामवासियों की सहभागिता से नवरात्र उत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है।नौ दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की जाती है।डूमरबाहाल में मां दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर विगत वर्ष मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी रही पिछले साल 21 श्रृद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित किया था, लेकिन इस साल 2026 में 36 मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित भक्त जनों की संख्या में वृध्दि हुई है। गांव में भक्ति की भावना जागृत हो रही है, और नवरात्र उत्सव में भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। आचार्य पंडित भोला प्रसाद दुबे ने बताया कि तपोभूमि डूमरबाहाल में मां दुर्गा की शुद्ध मिट्टी से बनी मूर्ति पूजा आराधना सन् 2000 से 2026 तक करीब 26 साल होने जा रहा है, ग्रामीणों के तन-मन-धन के समर्पण से यह पर्व सफल हो रही है। मां दुर्गा पूजा उत्सव के अवसर पर माता भक्तों के द्वारा अलग-अलग दिनों में भंडारा भोग दिया जाता है,दुर्गा पूजा के उपलक्ष्य में उड़िसा छत्तीसगढ़ के लोक कला नृत्य और ओड़िया नाटक कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि डूमरबाहाल में दुर्गा पूजा आरम्भ के एक दो साल में खूब हर्षोल्लास एवं पारंपरिक लोक मान्य उड़ीसा में प्रसिद्ध घुमरा प्रतियोगिता आयोजित कि जाती थी, लेकिन अब यह लोक पसंद नहीं किए, उड़िया डान्स प्रसिद्ध होने लगा, और अब सबसे ज्यादा लोग प्रिय उड़िया काल्पनिक चरित्र नाटक प्रसिद्ध हो गया है। उड़ीसा और छत्तीसगढ़ दोनों प्रांत में यह ओड़िया नाटक जोर शोर से चल रहा है। यह प्रोग्राम दर्शकों को मनोरंजन के लिए रात्रि कालीन जागरण हेतु आयोजित किया जाता है।








