अपर कलेक्टर पीवी खेस और डिप्टी कलेक्टर मधु तेता को भावभीनी विदाई, कलेक्टर अमित कुमार ने प्रशासनिक योगदान को सराहा

SHARE:

जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिला प्रशासन सुकमा द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित गरिमामय विदाई समारोह में स्थानांतरित अपर कलेक्टर श्री पीवी खेस एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री मधु तेता को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमित कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की और नई पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं दीं।
राज्य शासन द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार अपर कलेक्टर श्री पीवी खेस का स्थानांतरण सरगुजा जिले में अपर कलेक्टर के पद पर तथा डिप्टी कलेक्टर सुश्री मधु तेता का स्थानांतरण महासमुंद जिले में किया गया है। सुकमा में अपने कार्यकाल के दौरान दोनों अधिकारियों ने जिले के दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कलेक्टर ने कहा- प्रशासनिक सेवा में संवेदनशीलता और पारदर्शिता महत्वपूर्ण
समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में जिम्मेदारियों का निर्वहन संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनहित की भावना के साथ करना सुशासन की वास्तविक पहचान है। श्री खेस एवं सुश्री तेता ने अपने कार्यों के माध्यम से इन मूल्यों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया। उन्होंने दोनों अधिकारियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका अनुभव और समर्पण प्रशासनिक टीम के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।इस अवसर पर कलेक्टर ने दोनों अधिकारियों को बस्तर की विशिष्ट कला एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक ‘बस्तर आर्ट मोमेंटो’ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन की कामना की।
सहकर्मियों ने साझा किए कार्यकाल के अनुभव
विदाई समारोह में एसडीएम श्री सूरज कश्यप, डिप्टी कलेक्टर श्री शबाब खान एवं श्री रविशंकर वर्मा ने दोनों अधिकारियों के साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए।
सहकर्मियों ने अपर कलेक्टर श्री पीवी खेस के कुशल मार्गदर्शन, प्रशासनिक निर्णय क्षमता एवं संकट की परिस्थितियों में प्रभावी प्रबंधन की सराहना की। वहीं डिप्टी कलेक्टर सुश्री मधु तेता की कर्तव्यनिष्ठा, सरल व्यवहार और जनसुलभ कार्यशैली को प्रेरणादायी बताया।
सहयोग और आत्मीयता के साथ दी गई विदाई
समारोह के दौरान स्थानांतरित अधिकारियों ने सुकमा जिले में कार्य करने के दौरान मिले सहयोग, विश्वास और प्रशासनिक टीम के सामंजस्य के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुकमा में बिताया गया कार्यकाल उनके लिए महत्वपूर्ण अनुभवों से भरा रहा, जिसे वे सदैव याद रखेंगे।
कार्यक्रम का समापन आत्मीय वातावरण में दोनों अधिकारियों के सम्मान एवं शुभकामनाओं के साथ हुआ। विदाई समारोह ने प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी सहयोग, सम्मान एवं टीम भावना की एक सुंदर मिसाल प्रस्तुत की।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें