जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण का संदेश देने के उद्देश्य से आज हाई स्कूल मैदान में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों, सफाई कर्मचारियों, विद्यालय के प्राचार्य एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
इस दौरान ग्राम की सरपंच श्रीमती सुखमति पुजारी, उपसरपंच डॉ. जितेंद्र बघेल एवं जिला पंचायत सदस्य श्री हूंगाराम मरकाम की उपस्थिति में स्वच्छता कार्य किया गया। सभी ने मिलकर हाई स्कूल मैदान एवं आसपास के परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान में ग्राम के सफाई कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं हाई स्कूल के प्राचार्य के विशेष सहयोग से विद्यार्थियों ने भी स्वच्छता कार्य में भागीदारी की। बच्चों की सक्रिय सहभागिता ने अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों एवं गांव के आसपास स्वच्छता बनाए रखने से स्वस्थ और सुंदर वातावरण का निर्माण होता है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नियमित साफ-सफाई और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया। अभियान में सभी की सक्रिय भागीदारी ने स्वच्छ गांव और स्वच्छ परिसर की दिशा में सकारात्मक पहल प्रस्तुत की।








