सुकमा में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

SHARE:

 

राहत शिविरों का लिया जायजा, प्रभावित परिवारों से की मुलाकात; निर्धारित क्षतिपूर्ति के साथ अतिरिक्त आर्थिक सहायता का दिया भरोसा

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सोमवार को एक दिवसीय प्रवास पर बाढ़ प्रभावित सुकमा जिले पहुंचे। 23 और 24 सितंबर को हुई भारी बारिश से प्रभावित जिला मुख्यालय के शबरीनगर, श्रीनगर और लाइनपारा क्षेत्रों का दौरा कर मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने प्रभावितों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है।

4,500 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित

भारी बारिश और बाढ़ के कारण जिला मुख्यालय सुकमा के वार्ड क्रमांक 12 एवं 13 सहित जिले की 22 ग्राम पंचायतों के 4,500 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। स्थिति को देखते हुए सुकमा और कोंटा विकासखंड में करीब 19 राहत शिविर बनाए गए, जहां प्रभावित लोगों के लिए भोजन, आवास और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई।

जिला प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया जा रहा है। प्रभावित परिवारों को तात्कालिक आर्थिक सहायता के साथ सूखा राशन और गर्म कपड़े उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर मेडिकल कैंपों के माध्यम से नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है। जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन तथा नालियों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया जा रहा है।

राहत शिविर में मुख्यमंत्री ने खुद परोसा भोजन

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने शबरीनगर में बनाए गए राहत एवं स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का जायजा लेते हुए प्रभावित परिवारों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस दौरान मुख्यमंत्री का मानवीय पक्ष भी देखने को मिला। उन्होंने स्वयं राहत शिविर में रह रहे प्रभावित हितग्राहियों को भोजन परोसा और उनसे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार से राहत शिविर में मौजूद प्रभावित परिवारों को संबल मिला।

प्रभावितों के घर पहुंचकर जानी समस्याएं

राहत शिविर के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित परिवारों के घर भी पहुंचे। उन्होंने प्रभावितों से मुलाकात कर उनके घरों में हुए नुकसान और सामने आ रही समस्याओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही आवश्यक तात्कालिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कलेक्टर श्री अमित कुमार को बाढ़ से हुए नुकसान का शीघ्र और विस्तृत आकलन कराने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता जल्द उपलब्ध कराई जा सके।

क्षतिपूर्ति के अलावा अतिरिक्त सहायता का भरोसा

मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत देते हुए कहा कि निर्धारित नियमों के तहत मिलने वाली क्षतिपूर्ति राशि के अतिरिक्त भी विशेष सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने प्रभावितों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके नुकसान की भरपाई और राहत के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने जिले में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की स्थिति से उन्हें अवगत कराया। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की टीमों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।

ये रहे मौजूद

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, सचिव श्री राहुल भगत, ओएसडी श्री सौरभ श्रीवास्तव, कलेक्टर श्री अमित कुमार, डीएफओ श्री अक्षय भोंसले, एडिशनल एसपी श्री रोहित शाह, श्री मनोज तिर्की, महिला आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री हूँगाराम मरकाम, जनपद पंचायत कोंटा अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता कोवासी, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्रीमती भुनेश्वरी यादव, श्री धनीराम बारसे, जिला पंचायत सदस्य श्री हुंगाराम मरकाम, जिला पंचायत सदस्य श्री कोरसा सन्नू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें