रायपुर। राजधानी की यातायात व्यवस्था को स्मार्ट बनाने के लिए लागू किया गया इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) इन दिनों खुद अव्यवस्था का शिकार है। शहर के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल बंद पड़े हैं। कई सीसीटीवी कैमरों के भी काम नहीं करने की जानकारी सामने आ रही है। इससे व्यस्त मार्गों पर यातायात नियंत्रण की चुनौती बढ़ गई है और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आईटीएमएस के संचालन और रखरखाव का काम संभालने वाली कंपनी एलएंडटी का भुगतान लंबित होने के कारण सिस्टम का संचालन और रखरखाव प्रभावित हुआ है। कंपनी को करीब 12 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना है। हालांकि इस राशि और भुगतान में देरी के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। नए ठेके की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से सिग्नल और कैमरों के रखरखाव का काम भी प्रभावित है। सिग्नल बंद होने के कारण कई चौराहों पर यातायात पुलिस को मैन्युअल तरीके से व्यवस्था संभालनी पड़ रही है। पीक आवर्स में वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन रही है। पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को भी चौराहों पर आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आईटीएमएस से संबंधित बिजली बिलों का भुगतान भी लंबित है। इससे बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इधर यातायात विभाग ने बकाया राशि के भुगतान को लेकर परिवहन विभाग को पत्र भेजा है। अब भुगतान और नए संचालन की व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों की कार्रवाई पर नजर है। सवाल यह है कि जब स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम के संचालन और रखरखाव का भुगतान समय पर नहीं होगा तो राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने का दावा कैसे पूरा होगा?








