सेवा संकल्प अभियान के तहत छिंदगढ़ में लगा ‘सेवा सेतु’ शिविर

SHARE:

एक ही छत के नीचे मिलीं शासकीय योजनाओं और सेवाओं की सुविधाएं, 300 से अधिक ग्रामीण हुए लाभान्वित

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायत छिंदगढ़ में विकासखंड स्तरीय ‘सेवा सेतु’ शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और नागरिक सेवाओं का लाभ उनके गांव के नजदीक, एक ही स्थान पर त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना रहा।
शिविर में सुबह से ही ग्रामीणों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। अपनी समस्याओं के समाधान, आवश्यक दस्तावेज बनवाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए 300 से अधिक ग्रामीण सीधे लाभान्वित हुए।
स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर दस्तावेज तक, एक ही जगह मिली सुविधाएं
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य जांच काउंटर लगाया गया, जहां ग्रामीणों की निःशुल्क बीपी, शुगर सहित स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए एवं वितरित किए गए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी शिविर में अपना बीपी एवं शुगर जांच कराया।
खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड से संबंधित सेवाएं, राजस्व विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, श्रम विभाग द्वारा ई-श्रम कार्ड और आधार अपडेशन जैसी महत्वपूर्ण नागरिक सेवाएं मौके पर उपलब्ध कराई गईं।
आवास और स्वच्छता योजनाओं का भी मिला लाभ
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए। पूर्ण हो चुके आवासों के हितग्राहियों को आवास की चाबियां भी सौंपी गईं। इसके साथ ही

व्यक्तिगत शौचालय के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को जैविक कीटनाशक एवं रोगनाशक दवाइयों का वितरण किया गया, जबकि मत्स्य विभाग की ओर से संबंधित हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री प्रदान की गई।
दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण, चेहरे पर आई मुस्कान
शिविर में शिक्षा विभाग ने संवेदनशील पहल करते हुए दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए। दृष्टिबाधित छात्र को टॉक-बैक मोबाइल फोन, श्रवण बाधित छात्रा को श्रवण यंत्र तथा जरूरतमंद हितग्राही को व्हीलचेयर प्रदान की गई।
व्हीलचेयर प्राप्त करने वाले जोशुआ के लिए यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी साबित हुई। शिविर में उसे व्हीलचेयर प्रदान किए जाने से उसके आवागमन को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया हितग्राहियों को लाभान्वित
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री हुंगाराम मरकाम, एसडीएम श्री सुमीत ध्रुव, तहसीलदार श्री अम्बर गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, सामग्री एवं योजनाओं से संबंधित स्वीकृति दस्तावेज वितरित किए।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की अपील की। ‘सेवा सेतु’ शिविर ने प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संपर्क स्थापित करते हुए सरकारी योजनाओं को ग्रामीणों की चौखट तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें