छिंदगढ़ की प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट बनी ग्रामीण महिलाओं की आजीविका का मजबूत आधार, 1,638 किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक अपशिष्ट रिसाइक्लिंग के लिए भेजा गया
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। स्वच्छता को आजीविका से जोड़कर ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड में एक सराहनीय पहल सामने आई है। यहां संचालित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट के माध्यम से कमलफूल स्व-सहायता समूह की महिलाएं प्लास्टिक कचरे के व्यवस्थित संग्रहण, छंटाई और विक्रय से आय अर्जित कर रही हैं। इस पहल से जहां पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी नई मजबूती मिल रही है।
12 ग्राम पंचायतों से जुटाया जा रहा प्लास्टिक कचरा
कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत छिंदगढ़ में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का संचालन किया जा रहा है। इस यूनिट के माध्यम से कमलफूल स्व-सहायता समूह द्वारा छिंदगढ़ विकासखंड की लगभग 12 ग्राम पंचायतों से प्लास्टिक अपशिष्ट एकत्रित किया जाता है।
एकत्रित प्लास्टिक को यूनिट में लाकर उसकी श्रेणीवार छंटाई की जाती है। इसके बाद बेलिंग प्रक्रिया के माध्यम से उसे व्यवस्थित कर पुनर्चक्रण के लिए मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर, सेमरा भेजा जाता है। इस व्यवस्था से प्लास्टिक कचरे का उचित निपटान सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।
1,638 किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक अपशिष्ट भेजा गया
प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन के तहत हाल ही में यूनिट से कुल 1,638 किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक सामग्री विक्रय एवं पुनर्चक्रण के लिए सेमरा एमआरएफ सेंटर भेजी गई। इसमें 1,100 किलोग्राम प्लास्टिक पेट बोतल, 150 किलोग्राम प्लास्टिक ऑयल बोतल तथा 388 किलोग्राम कार्टन एवं अन्य प्लास्टिक अपशिष्ट शामिल हैं।
इस कार्य के माध्यम से कमलफूल स्व-सहायता समूह अब तक 80 हजार रुपये से अधिक की आय अर्जित कर चुका है। प्लास्टिक कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलने की यह प्रक्रिया समूह की महिलाओं के लिए आय का एक बेहतर माध्यम बन रही है।
स्वच्छता के साथ महिलाओं को मिल रहा रोजगार का अवसर
प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रभावी उदाहरण है। प्लास्टिक कचरे का सही तरीके से संग्रहण, पृथक्करण और पुनर्चक्रण न केवल गांवों को स्वच्छ रखने में मदद करता है, बल्कि पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
छिंदगढ़ की यह पहल दर्शाती है कि सामुदायिक सहभागिता, बेहतर प्रबंधन और स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता अभियान को आजीविका के अवसरों से जोड़ा जा सकता है। इससे ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है और स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक गांवों के निर्माण की दिशा में भी सार्थक कदम बढ़ रहे हैं।








