जयनगर में आधुनिक उत्पादन तकनीक सीखकर लौटा 14 सदस्यीय दल, अब ‘सुकमा छिंद गुड़’ ब्रांड के जरिए बड़े बाजारों तक पहुंचेगा स्थानीय उत्पाद
तीन माह में प्रति प्रतिभागी 25 हजार से एक लाख रुपये तक अतिरिक्त आय की संभावना, छिंद पत्तों और प्राकृतिक संसाधनों से हस्तशिल्प निर्माण को भी मिलेगा बढ़ावा
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले के जंगलों में प्रचुर मात्रा में उपलब्ध छिंद के पेड़ अब ग्रामीण परिवारों की आर्थिक समृद्धि का नया आधार बनने जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग कर ग्रामीणों, विशेषकर स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब सुकमा का पारंपरिक छिंद गुड़ आधुनिक तकनीक, आकर्षक पैकेजिंग और बेहतर विपणन के माध्यम से राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचने की तैयारी में है।
कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में एनआरएलएम-बिहान के अंतर्गत 14 सदस्यीय दल ने पश्चिम बंगाल के जयनगर में छिंद गुड़ उत्पादन का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया। मैजिक टेरेन फाउंडेशन एवं जे.सी. कुमारप्पा टेक्नोलॉजी पार्क एंड इनोवेशन सेंटर एलएलपी के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण भ्रमण के लिए दल 12 नवंबर को रवाना हुआ था, जो 20 नवंबर 2026 को सफलतापूर्वक सुकमा लौट आया।
पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की पहल
जयनगर में छह दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने छिंद के उपयुक्त पेड़ों की पहचान, स्वच्छ तरीके से रस संग्रहण, ठोस एवं तरल गुड़ तैयार करने, गुणवत्ता परीक्षण, सुरक्षित भंडारण और आकर्षक पैकेजिंग की आधुनिक तकनीकें सीखीं। इसके साथ ही उत्पादों को बाजार की मांग के अनुरूप तैयार करने और उनके प्रभावी विपणन की बारीकियों को भी समझा।
प्रशिक्षण के दौरान दल ने सुंदरबन क्षेत्र में बाजार सर्वेक्षण कर वहां की उत्पादन एवं विपणन व्यवस्था का अध्ययन किया। प्रतिभागियों ने छिंद के पत्तों, मक्के के अवशेषों, ताड़ के फल, बेल और प्राकृतिक घास से पर्यावरण-अनुकूल सजावटी हस्तशिल्प तैयार करने वाली इकाइयों का भी अवलोकन किया। इन उत्पादों को देश के साथ विदेशों के बाजारों में निर्यात किए जाने की प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त की।
तीन माह में 25 हजार से एक लाख रुपये तक अतिरिक्त आय की उम्मीद
सुकमा जिले में छिंद के पेड़ों की पर्याप्त उपलब्धता इस पहल की सबसे बड़ी ताकत है। पिछले वर्ष पांच गांवों में संचालित पायलट प्रोजेक्ट के सकारात्मक परिणामों के बाद अब जिला प्रशासन इस मॉडल को व्यापक स्तर पर लागू करने की तैयारी कर रहा है।

प्रारंभिक आकलन के अनुसार, छिंद गुड़ के उत्पादन की लगभग तीन माह की अवधि में प्रत्येक प्रतिभागी 25 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की अतिरिक्त आय अर्जित कर सकता है। इससे ग्रामीण परिवारों को स्थानीय संसाधनों के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार का बेहतर अवसर मिलेगा। वहीं, छिंद के पत्तों और अन्य प्राकृतिक एवं कृषि अवशेषों से हस्तशिल्प तैयार करने की पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था में आय के नए विकल्प विकसित करेगी।
‘सुकमा छिंद गुड़’ ब्रांड से राष्ट्रीय बाजार में होगी पहचान
सुकमा लौटने के बाद प्रशिक्षण प्राप्त 14 सदस्यीय दल ने कलेक्टर श्री अमित कुमार से मुलाकात कर जयनगर में सीखे गए हुनर और अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण एवं अनुभव प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला प्रशासन की योजना अब ‘सुकमा छिंद गुड़’ के नाम से एक विशिष्ट ब्रांड स्थापित करने की है। इसके अंतर्गत गुणवत्ता प्रमाणित ठोस गुड़, तरल गुड़, गुड़ क्यूब और गुड़ पाउडर जैसे उत्पाद तैयार कर आकर्षक पैकेजिंग के साथ बड़े बाजारों तक पहुंचाए जाएंगे। इससे स्थानीय उत्पादों को संगठित बाजार मिलेगा और उत्पादकों को बेहतर मूल्य प्राप्त करने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
सुकमा के ग्रामीण हुनर को मिलेगी नई पहचान
इस प्रशिक्षण यात्रा की एक विशेष उपलब्धि यह भी रही कि दल के कई सदस्यों ने पहली बार रेल यात्रा की और सुकमा जिले से बाहर निकलकर कोलकाता जैसे बड़े शहर को करीब से देखा। तारामंडल भ्रमण सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को नए अनुभव और संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।
जिला प्रशासन की यह पहल केवल छिंद गुड़ उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों को रोजगार, उद्यमिता और बाजार से जोड़ने का एक व्यापक प्रयास है। यदि यह योजना निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आगे बढ़ती है, तो आने वाले समय में सुकमा का छिंद गुड़ राष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना सकता है। साथ ही स्थानीय ग्रामीण परिवारों के हुनर को सम्मान, युवाओं और महिलाओं को रोजगार तथा जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भरता की नई दिशा मिल सकती है।








