राष्ट्रीय जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता में सुकमा की बेटी बबली नेगी ने लहराया परचम, जीता स्वर्ण पदक

SHARE:

अंडर-17 वर्ग में दिल्ली में हासिल किया प्रथम स्थान, खंड शिक्षा अधिकारी ने शील्ड एवं ₹5,100 की प्रोत्साहन राशि देकर किया सम्मानित

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा/छिंदगढ़, 18 नवंबर 2026। प्रतिभा और मेहनत के दम पर सुकमा जिले की बेटियां लगातार सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। इसी कड़ी में DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, रोकेल की होनहार छात्रा कु. बबली नेगी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। बबली नेगी ने अंडर-17 वर्ग की राष्ट्रीय जेवलिन थ्रो (भाला फेंक) प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर आज दिनांक 18 नवंबर 2026 को DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, रोकेल के शाला सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी छिंदगढ़ श्री मनोज कुमार दुबे ने छात्रा बबली नेगी को शील्ड एवं ₹5,100 की प्रोत्साहन राशि का चेक भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रा की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल करना अत्यंत गौरव की बात है। बबली की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

इस अवसर पर संकुल प्राचार्य श्री हमीर नेताम, सीएसी रोकेल श्री मणिशंकर मांझी, DAV रोकेल के प्राचार्य श्री पी.के. दास सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने छात्रा को बधाई देते हुए उसकी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा की सराहना की।

बबली की सफलता से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर

बबली नेगी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरे रोकेल संकुल एवं छिंदगढ़ विकासखंड के लिए गर्व का विषय है। सीमित संसाधनों के बीच अपनी प्रतिभा और निरंतर अभ्यास से राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत को दर्शाता है।

विद्यालय परिवार, रोकेल संकुल परिवार एवं विकासखंड शिक्षा कार्यालय छिंदगढ़ ने बबली नेगी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी इसी तरह सफलता हासिल कर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करती रहेंगी।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें