बदलाव की नई इबारत लिख रहा बस्तर ओलंपिक, खेल मैदान में दिखा नए बस्तर का उत्साह

SHARE:

 

छिंदगढ़ में गोद में बच्चों को लेकर मैदान पर उतरीं मातृशक्ति, कबड्डी और रस्साकसी में दिखाया दमखम

पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों से उभर रहीं खेल प्रतिभाएं, पंचायत सचिव ने भी दौड़ में हिस्सा लेकर हासिल किया तीसरा स्थान

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। कभी नक्सलवाद और भय के साये में पहचाने जाने वाले बस्तर के अंदरूनी गांव आज खेल, उत्साह और विकास की नई पहचान गढ़ रहे हैं। ग्रामीण अंचलों में बदलाव की यह सुखद तस्वीर बुधवार को छिंदगढ़ विकासखंड में आयोजित ‘बस्तर ओलंपिक 2026-27’ के क्लस्टर स्तरीय खेल मुकाबलों में देखने को मिली। यहां युवाओं के साथ महिलाओं और बुजुर्गों ने भी पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। खेल मैदान में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण बना कि अब बस्तर के दूरस्थ अंचलों में डर और सन्नाटे की जगह खेल, उमंग और नई उम्मीदों ने ले ली है।

‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ के प्रेरक ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस खेल महाकुंभ का सबसे भावुक और प्रेरणादायक दृश्य तब देखने को मिला, जब ग्रामीण महिलाएं अपने नन्हे बच्चों को गोद में लेकर खेल मैदान पहुंचीं और घरेलू जिम्मेदारियों के बीच समय निकालकर कबड्डी एवं रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मातृशक्ति का यह उत्साह महिला सशक्तीकरण और बदलते ग्रामीण परिवेश की एक जीवंत मिसाल बन गया।

दूरस्थ गांवों की प्रतिभाओं को मिला मंच, खिलाड़ियों ने जताया आभार

पूर्व में नक्सल प्रभावित और पहुंचविहीन रहे ग्राम पंचायत डब्बा से कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचीं श्रीमती दीपिका मुचाकी ने आयोजन को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों के लिए नाश्ते से लेकर दोपहर के भोजन तक बेहतर व्यवस्था की गई है। दूर-दराज के गांवों से आए खिलाड़ियों को यहां घर जैसा माहौल मिल रहा है। उन्होंने इस सराहनीय पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

वहीं, इजडेपाल के पंचायत सचिव श्री लच्छी कुंजाम ने भी अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच खेल के प्रति जुनून का परिचय देते हुए दौड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और तृतीय स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि ने मैदान में मौजूद युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और खेल भावना का संदेश दिया।

खिलाड़ियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान, मैदान में मौजूद रहे अधिकारी

जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और बेहतर व्यवस्थापन ने बस्तर ओलंपिक को महज खेल प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर ग्रामीण जनभागीदारी के एक बड़े उत्सव का स्वरूप दे दिया है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

खेल मैदानों में स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान, बैठने की व्यवस्था और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाकर खिलाड़ियों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जा रहा है। आयोजन स्थल पर बनाए गए आकर्षक सेल्फी स्टैंड ग्रामीणों और युवाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। खिलाड़ी और ग्रामीण यहां अपनी यादगार तस्वीरें लेते नजर आए।

एसडीएम श्री सुमीत ध्रुव एवं जनपद पंचायत सीईओ श्री शंकर बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मैदान में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

26 और 27 नवंबर को होगा जिला स्तरीय खेल महाकुंभ

बस्तर ओलंपिक के तहत 16 से 19 नवंबर तक क्लस्टर स्तरीय मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। इसके पश्चात 20 से 23 नवंबर तक विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं 26 एवं 27 नवंबर को सुकमा के हड़मा स्टेडियम और पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।

प्रतियोगिता में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे सहित विभिन्न खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

खेल के मैदान से मजबूत हो रहा शांति और विश्वास का रिश्ता

बस्तर ओलंपिक 2026-27 केवल पदक और जीत-हार की प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बदलते बस्तर की नई सोच, सामाजिक एकजुटता और विकास की मजबूत तस्वीर पेश कर रहा है। विशेषकर पूर्व नक्सल प्रभावित और दूरस्थ वनांचलों के ग्रामीणों की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि अब लोग खेल और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।

खेल के मैदान में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, बुजुर्गों का उत्साह और युवाओं की ऊर्जा एक नए बस्तर की कहानी बयां कर रही है। प्रशासन की यह पहल ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान देने के साथ-साथ क्षेत्र में शांति, विश्वास, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। निश्चित ही बस्तर की इसी मिट्टी से भविष्य में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें