चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ का असर: 20-21 नवंबर को सुकमा में भारी बारिश की चेतावनी, पुलिस हाई-अलर्ट पर

SHARE:

शबरी नदी और नदी-नालों के जलस्तर पर 24 घंटे निगरानी,

SDRF व पुलिस की बचाव टीमें मोटर बोट और सुरक्षा उपकरणों के साथ तैयार

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देश पर सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता, नागरिकों से अनावश्यक यात्रा टालने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ (Cyclone Akvan) के संभावित प्रभाव को देखते हुए सुकमा जिले में मौसम एवं आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर आ गए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) एवं मौसम केंद्र रायपुर की चेतावनी के अनुसार 20 एवं 21 नवंबर 2026 को जिले में तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। संभावित खतरे को देखते हुए सुकमा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर के निर्देशन में जिला पुलिस बल को हाई-अलर्ट पर रखते हुए संवेदनशील एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान के 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने की संभावना है। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम प्रभावित हो सकता है। इसका असर सुकमा जिले में भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में बाढ़, जलभराव और तेज हवाओं से उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

शबरी नदी और नदी-नालों पर रहेगी 24 घंटे नजर

सुरक्षा व्यवस्था के तहत आंध्र प्रदेश, तेलंगाना एवं ओडिशा से लगे सीमावर्ती थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारियों और सुरक्षा कैंपों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। शबरी नदी सहित स्थानीय नदी-नालों, पहाड़ी नालों और जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों के जलस्तर पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी, ताकि जलस्तर में अचानक वृद्धि होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

मोटर बोट और बचाव उपकरणों के साथ SDRF की टीमें तैयार

किसी भी आकस्मिक बाढ़ या जलभराव की स्थिति में नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस एवं एसडीआरएफ की बचाव टीमों को तैयार रखा गया है। इन टीमों के पास मोटर बोट, लाइफ जैकेट, रस्सियां और अन्य आवश्यक आपदा राहत उपकरण उपलब्ध रहेंगे। आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की व्यवस्था की गई है।

NH-30 सहित प्रमुख मार्गों पर होगी विशेष निगरानी

संभावित भारी बारिश को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-30 सहित जिले के प्रमुख पुल-पुलियों और रपटों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जलस्तर बढ़ने और आवागमन जोखिमपूर्ण होने की स्थिति में तत्काल बैरिकेडिंग कर पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों के ऊपर से बहते पानी के बीच किसी भी वाहन या व्यक्ति को आवागमन की अनुमति नहीं दी जाएगी।

24 घंटे सक्रिय रहेगा पुलिस कंट्रोल रूम

आपदा की स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला पुलिस कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। इसके साथ ही पड़ोसी राज्यों आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा के सीमावर्ती पुलिस अधिकारियों से भी लगातार समन्वय बनाया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

सुकमा पुलिस की नागरिकों से विशेष अपील

सुकमा पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि 20 एवं 21 नवंबर को विशेष सतर्कता बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें। बारिश के दौरान शबरी नदी, स्थानीय नालों और रपटों पर पानी का बहाव तेज होने की स्थिति में उन्हें पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को नदी-नालों के आसपास जाने से रोकें।

तेज हवा और आंधी के दौरान बड़े पेड़ों, बिजली के खंभों, जर्जर मकानों एवं टीन शेड के नीचे खड़े होने से बचें। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका के दौरान खुले मैदानों में न रहें और सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लें। नदी किनारे एवं निचले इलाकों में रहने वाले लोग जलस्तर बढ़ने पर तत्काल प्रशासन द्वारा चिन्हित सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचें।

पुलिस ने नागरिकों से 20 और 21 नवंबर को आंध्र प्रदेश, तेलंगाना एवं ओडिशा की ओर अनावश्यक अंतरराज्यीय यात्रा तथा जंगल एवं दूरस्थ इलाकों में जाने से बचने की भी अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर ध्यान न देने तथा केवल प्रशासन एवं मौसम विभाग की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की सलाह दी है।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

किसी भी प्रकार की आपदा, बाढ़, जलभराव या पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर नागरिक तत्काल नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क कर सकते हैं।

पुलिस कंट्रोल रूम, सुकमा: 9479191300

आपातकालीन सेवा: डायल 112

सुकमा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सतर्क करें। संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पुलिस एवं बचाव दल पूरी तरह मुस्तैद हैं।

सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। सुकमा पुलिस आपकी सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें