गुप्ता ट्रेडर्स के गोदाम में 40 क्विंटल और श्रीराम ट्रेडर्स में मिला 10 क्विंटल अतिरिक्त धान, मंडी अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और वास्तविक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सुकमा जिला प्रशासन ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पुसपाल में दो अनाज व्यापारियों के गोदामों की जांच के दौरान अनुमति से अधिक कुल 50 क्विंटल धान पाए जाने पर प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में धान के अवैध भंडारण, परिवहन और खरीदी प्रक्रिया में होने वाली अनियमितताओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचे और बिचौलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगे, इसके लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की टीमें सक्रिय हैं।
संयुक्त टीम ने दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों में की जांच
इसी क्रम में बुधवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) छिंदगढ़ श्री सुमित ध्रुव के नेतृत्व में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने पुसपाल स्थित अनाज व्यापारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान गुप्ता ट्रेडर्स के गोदाम में निर्धारित अनुमति से अधिक 100 बोरी यानी 40 क्विंटल धान पाया गया। वहीं श्रीराम ट्रेडर्स के गोदाम में भी 25 बोरी यानी 10 क्विंटल अतिरिक्त धान मिला। इस प्रकार दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 125 बोरी अर्थात 50 क्विंटल धान अनुमति से अधिक पाए जाने पर जांच दल ने संबंधित व्यापारियों के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
जिले के 27 केंद्रों में हो रही धान खरीदी, दो नए केंद्र भी शुरू
जिला प्रशासन के अनुसार, जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए कुल 27 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। किसानों की सुविधा और खरीदी व्यवस्था को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से बुड़दी और बड़ेसेट्टी में दो नए धान खरीदी केंद्र भी प्रारंभ किए गए हैं।
प्रशासन द्वारा इन केंद्रों के माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ धान के अवैध परिवहन, भंडारण और खरीदी में संभावित गड़बड़ियों को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
अवैध भंडारण और बिचौलियों पर प्रशासन की सख्ती
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भंडारण अथवा बिचौलियों की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वास्तविक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसके लिए जिलेभर में संयुक्त जांच दलों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। किसानों के हितों की रक्षा और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।








