देर रात राहत शिविर पहुंचे कलेक्टर अमित कुमार, व्यवस्थाओं का लिया जायजा; 260 से अधिक लोगों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। लगातार बारिश और बाढ़ की स्थिति के बीच सुकमा जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित राहत व्यवस्था की मिसाल पेश की है। जिला मुख्यालय स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जरूरतमंदों और प्रभावित परिवारों के लिए सर्वसुविधायुक्त राहत शिविर स्थापित किया गया है। शिविर में 260 से अधिक लोगों के सुरक्षित ठहरने के साथ भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
देर रात खुद पहुंचे कलेक्टर, परखी व्यवस्थाएं
प्रशासन की जमीनी सक्रियता उस समय सामने आई, जब कलेक्टर श्री अमित कुमार देर रात एसडीएम, तहसीलदार और सीएमओ सहित अधिकारियों की टीम के साथ राहत शिविर पहुंचे। उन्होंने शिविर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और प्रभावित लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली।

कलेक्टर ने भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, साफ-सफाई, ठहरने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत शिविर में रह रहे लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनकी आवश्यकताओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
संकट की घड़ी में प्रशासन बना सहारा
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने शिविर में मौजूद लोगों के बीच बैठकर उनका हालचाल जाना। प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार शिविर की व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि प्रभावित लोगों को सुरक्षित वातावरण के साथ समय पर भोजन और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

बारिश और बाढ़ की चुनौती के बीच जिला प्रशासन की यह पहल आपदा के समय संवेदनशील प्रशासन और त्वरित जनसेवा का उदाहरण बनकर सामने आई है। देर रात तक अधिकारियों की मौजूदगी और राहत शिविर में की गई व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

सुकमा में बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट मोड पर है और प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा एवं राहत को प्राथमिकता देते हुए लगातार जमीनी स्तर पर कार्य किया जा रहा है।








