कुरमिरास में 19 परिवारों के 40-45 लोग बाढ़ के बीच फंसे, गांव बना टापू;
ओलेर में 70-80 ग्रामीणों को नगर सेना निकाल रही सुरक्षित
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा/छिंदगढ़। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच छिंदगढ़ विकासखंड के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। ब्लॉक मुख्यालय के कुरमिरास गांव में बाढ़ का पानी चारों ओर फैलने से गांव टापू में तब्दील हो गया है। यहां करीब 19 परिवारों के 40 से 45 लोग बाढ़ के बीच फंसे हुए बताए जा रहे हैं। स्थिति की सूचना मिलते ही शासन-प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य में जुट गई है।
वहीं छिंदगढ़ क्षेत्र के ओलेर गांव में भी बाढ़ के कारण करीब 70 से 80 लोग प्रभावित क्षेत्र में फंसे हुए हैं। ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने के लिए नगर सेना की टीम द्वारा नाव के माध्यम से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
नाव खराब होने से रेस्क्यू में हुई देरी
ओलेर में राहत एवं बचाव अभियान के दौरान नगर सेना की नाव में तकनीकी खराबी आने के कारण रेस्क्यू कार्य में कुछ देरी हुई। इसके बाद टीम द्वारा आवश्यक व्यवस्था करते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने का प्रयास लगातार जारी रखा गया।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में छिंदगढ़ थाना प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ मौजूद है और ग्रामीणों की सुरक्षा एवं रेस्क्यू कार्य में सहयोग कर रहा है। वहीं छिंदगढ़ एसडीएम भी मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन की प्राथमिकता बाढ़ में फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित निकालना है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और आवश्यक राहत उपलब्ध कराने के लिए संबंधित टीमें लगातार सक्रिय हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थानों की ओर जाएं।








