राजधानी से जनता तक|कोरबा| कोरबा जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र में हाथी के हमले से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। जिल्गा जंगल में ट्रैक्टर से जा रहे ग्रामीणों का सामना अचानक एक विशालकाय हाथी से हो गया। हाथी ने ट्रैक्टर पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि ट्रैक्टर सवार सभी ग्रामीण सुरक्षित बच गए।
बताया जा रहा है कि ग्रामीण जंगल के रास्ते ट्रैक्टर से गुजर रहे थे, तभी अचानक सामने हाथी आ गया। ट्रैक्टर के इंजन की आवाज और ग्रामीणों के शोर से हाथी विचलित हो गया और उसने वाहन को निशाना बनाकर नुकसान पहुंचाया। इसके बाद हाथी जंगल की ओर लौट गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के बीच इस घटना ने एक बार फिर जंगल के रास्तों पर आवाजाही के दौरान सतर्कता बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।








