वाहन सहित करीब 5 लाख रुपये की सागौन जब्त, 193 नग चिरान बरामद; आंध्र प्रदेश तक जुड़े तारों की जांच तेज
जिला प्रमुख नवीन दांदड़ें | राजधानी से जनता तक
सुकमा। वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ सुकमा वनमंडल द्वारा चलाए जा रहे अभियान में वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। वन विभाग ने सागौन तस्करी से जुड़े एक कथित अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में 193 नग सागौन चिरान जब्त किए हैं। जब्त सागौन की कुल मात्रा 3.647 घनमीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

वनमंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन संपदा की अवैध कटाई, संग्रहण और परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। डीएफओ श्री अक्षय भोंसले से प्राप्त जानकारी के अनुसार विभाग को सागौन के अवैध परिवहन की विश्वसनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर वन अमले ने सुकमा वन परिक्षेत्र में निगरानी बढ़ाई।
धान के भूसे के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे सागौन
सुकमा वन परिक्षेत्र की टीम ने गादीरास पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध वाहन की निगरानी करते हुए टाटा योद्धा पिकअप वाहन क्रमांक AP-39 TP 1508 को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर धान के भूसे से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए 99 नग सागौन चिरान बरामद हुए।
बरामद सागौन की मात्रा 1.868 घनमीटर आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सागौन को राजामुंदरी, आंध्र प्रदेश ले जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत नागमुरली विशा और देवेंद्र कुमार के विरुद्ध पी.ओ.आर. दर्ज किया गया है। वन विभाग ने वाहन के साथ एक OPPO मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
घर से मिले 94 नग सागौन चिरान
पहली कार्रवाई के बाद वन विभाग ने जांच को आगे बढ़ाते हुए मारोकी क्षेत्र में भी कार्रवाई की। यहां मड़कामी जोगा के घर से 94 नग सागौन चिरान बरामद किए गए। इनकी कुल मात्रा 1.779 घनमीटर बताई गई है।
पूछताछ और जांच के दौरान सागौन की अवैध कटाई, संग्रहण एवं परिवहन से जुड़े अन्य लोगों तथा स्थानीय स्तर पर सहयोग करने वालों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात वन विभाग ने कही है।
अंतरराज्यीय नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रहा वन विभाग
वन विभाग अब दोनों प्रकरणों को जोड़कर सागौन की अवैध कटाई से लेकर संग्रहण, परिवहन और दूसरे राज्य तक पहुंचाने वाले नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रहा है। विभाग यह भी पता लगाने में जुटा है कि वन क्षेत्र से सागौन की अवैध कटाई किस स्तर पर की गई और इसके परिवहन एवं बिक्री में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जांच में सामने आने वाले अन्य संदिग्धों अथवा संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात विभाग ने कही है।
वन अमले की सतर्कता से मिली सफलता
पूरी कार्रवाई में आईएफएस अधिकारी पारख सारदा के निर्देशन में वनपाल आर. घरत तथा वनरक्षक राजू सोड़ी, ईश्वर मौर्य और पवन सहारे सहित वन विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सुकमा वनमंडल ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग द्वारा वन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ अवैध परिवहन और तस्करी के संभावित मार्गों पर भी सतर्कता बरती जा रही है।








