बोले—“सेवा भावना क्या होती है, दरबारी संस्कृति में रहने वाले क्या जानें”; सेवा संकल्प अभियान को लेकर कांग्रेस नेता हरीश कवासी के बयान पर दी तीखी प्रतिक्रिया
जिला प्रमुख नवीन दांदडें ( राजधानी से जनता तक)
सुकमा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के तहत सुकमा जिले में जारी ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता हरीश कवासी द्वारा की गई प्रेस वार्ता पर भाजपा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस पर सेवा कार्यों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे ने कहा कि “एक परिवार की चाटुकारिता और दरबारी संस्कृति पसंद करने वाले कांग्रेस नेता सेवा भावना को क्या समझेंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि हरीश कवासी द्वारा सेवा संकल्प अभियान के खिलाफ प्रेस वार्ता करना उनकी राजनीतिक सोच को दर्शाता है।
बारसे ने कहा कि भाजपा की राजनीति में ‘सेवक संस्कृति’ को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि कांग्रेस पर उन्होंने ‘दरबारी संस्कृति’ के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा कार्यों के माध्यम से मना रहे हैं और इसी उद्देश्य से जिले में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस पर हमला
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस नेता हरीश कवासी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें यह बताना चाहिए कि उनके पिता के मंत्री रहने के दौरान सुकमा जिले के विकास और जनहित के लिए क्या कार्य किए गए। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल के दौरान भ्रष्टाचार के आरोपों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर भी सवाल उठाए।
बारसे ने कहा कि सेवा का अवसर मिलने पर जनता की सेवा करने के बजाय भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की सफलता से कांग्रेस नेता कथित रूप से बौखलाए हुए हैं और इसी कारण अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
रक्तदान, स्वच्छता और वृक्षारोपण जैसे होंगे सेवा कार्य
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सुकमा जिले में पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा। अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जनसहभागिता के साथ विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इनमें रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण सहित विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम शामिल हैं। भाजपा का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से मनाने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।








